देश के कई राज्यों में इस समय सूरज आग बरसा रहा है और पारा आसमान छू रहा है. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की अपील की है. रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में पीएम मोदी ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि इस मौसम में जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए जितना हो सके सावधानी बरतें, लगातार पानी पीते रहें और सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करना न भूलें.
गर्मी बढ़ते ही बदल जाता है रसोई का मिजाज
प्रधानमंत्री ने बहुत ही सरल और घरेलू अंदाज में बात करते हुए कहा कि भारत में मौसम बदलने के साथ ही हमारे घरों की रसोई का मिजाज भी बदल जाता है. उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे गर्मी अपना रंग दिखाती है, हमारे घरों में फ्रिज की जगह मिट्टी के मटके ले लेते हैं, हर घर में दही जमने लगता है और कच्चे आम उबाले जाने लगते हैं. इसके बाद शुरू होता है हमारे पारंपरिक देसी ड्रिंक्स (पेय पदार्थों) का दौर, जो न सिर्फ हमें ठंडक देते हैं बल्कि सेहतमंद भी रखते हैं.”
लस्सी, सत्तू से लेकर कोकम तक…गिनाए राज्यों के जायके
पीएम मोदी ने देश की सांस्कृतिक और खानपान की विविधता की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे ये पारंपरिक समर ड्रिंक्स ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की सुंदर तस्वीर पेश करते हैं. उन्होंने अलग-अलग राज्यों के मशहूर देसी पेयों का जिक्र करते हुए कहा की उत्तर भारत की गर्मी से राहत पाने और लू से बचने के लिए हर घर में ‘आम पन्ना’ बनाया जाता है. पंजाब और हरियाणा के लोगों की गर्मी तो ‘बड़े गिलास वाली ठंडी-ठंडी लस्सी’ के बिना अधूरी है.
तो राजस्थान और गुजरात में छाछ (मट्ठा) हर दोपहर के खाने का जरूरी हिस्सा है. वहीं, बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी में सत्तू का शरबत सबसे ज्यादा लोकप्रिय है, जो पेट को ठंडक देने के साथ-साथ तुरंत ताकत भी देता है.
इसके अलावा पीएम ने कोंकण और गोवा के मशहूर ‘कोकम शरबत’, दक्षिण भारत के ‘पानकम’ व ‘सम्बराम’ और ओडिशा के ‘बेल पना’ का भी विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि ये केवल प्यास बुझाने के साधन नहीं हैं, बल्कि हमारी सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा हैं. पीएम ने देशवासियों से अपील की कि वे इस चिलचिलाती गर्मी में बाजार के डिब्बाबंद ड्रिंक्स की बजाय इन शुद्ध देसी और पारंपरिक पेयों का खूब आनंद लें और सुरक्षित रहें.
ये भी पढ़े: हत्या या अनहोनी? ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन बिल्डिंग से नाइजीरियाई नागरिक का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

