Meerut Fake Kidnapping: हरिश/मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे. यहां दो मुस्लिम युवकों को गंभीर कानूनी पचड़े में फंसाने के लिए नकुल नाम के एक शख्स ने लड़की के अपहरण और छेड़छाड़ की पूरी झूठी स्क्रिप्ट लिख डाली. मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण जैसे ही इसकी खबर फैली, इलाके में हड़कंप मच गया और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनने लगी. लेकिन मेरठ पुलिस की मुस्तैदी और गहन पूछताछ ने चंद घंटों में ही इस पूरी साजिश का भंडाफोड़ कर दिया. पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता नकुल की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
डायल-112 पर आई थी किडनैपिंग की कॉल
इस पूरे ड्रामे की शुरुआत 30 मई 2026 को हुई, जब पुलिस के डायल-112 नंबर पर एक कॉल आई. कॉलर ने सूचना दी कि दो युवक एक लड़की को कार में जबरन बैठाकर लाए थे और बेहोशी की हालत में उसे रिंग रोड के पास छोड़कर फरार हो गए हैं.
मामला संवेदनशील होने के कारण थाना मेडिकल पुलिस और सीओ सिविल लाइन सुचित सिंह तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में युवती को इलाज और मेडिकल जांच के लिए स्थानीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद उसे पूरी तरह सुरक्षित और ठीक बताया.
नौकरी और पैसों का लालच देकर जाल में फंसाया
पुलिस ने जब पीड़िता को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की, तो जो सच सामने आया उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए. पीड़िता ने रोते हुए पुलिस को बताया कि ये कोई किडनैपिंग नहीं थी, बल्कि नकुल नाम के एक युवक ने उसे अच्छी नौकरी और पैसों का लालच देकर अपने झांसे में लिया था.
योजना के मुताबिक, नकुल ने ही युवती को मोहम्मद जीशान और शावेज नाम के दो युवकों के पास भेजा था. जब दोनों युवक उसे अपनी कार में बैठाकर रिंग रोड के पास छोड़कर गए, तो नकुल ने खुद ही पुलिस को फोन घुमाकर अपहरण और बेहोश करने की झूठी कहानी गढ़ दी, ताकि जीशान और शावेज को जेल भिजवाया जा सके.
मास्टरमाइंड फरार
एसएसपी के निर्देश पर गठित तीन पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार में ले जाने वाले दोनों आरोपियों मोहम्मद जीशान (निवासी सोदत्त, परीक्षितगढ़) और शावेज (निवासी हुमायूंनगर) को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है. सीओ सिविल लाइन सुचित सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि नकुल ने ये पूरी साजिश क्यों रची और इसके पीछे उसका क्या मकसद था, इसका सटीक खुलासा उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल फरार नकुल को पकड़ने के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है.
ये भी पढ़ें: ‘कुर्बानी के नाम पर मर्डर करने वालों का यही अंत…’, सूर्या के हत्यारे असद के एनकाउंटर पर क्या बोल गए संगीत सोम?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

