Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘खुद को माना प्रधानसेवक, बदला देश का भाग्य’, मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर CM मोहन यादव ने दिया बयान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं को हमेशा प्रधान सेवक मनाया माना है और वे अपना राष्ट्र धर्म निभाते हुए ‘विकसित भारत’ के निर्माण में जुड़े हुए हैं.

केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा खुद को देश का “प्रधानसेवक” माना है और उसी भावना के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगातार जुटे हुए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य केवल सरकार चलाना नहीं, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करना है.

मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने संदेश में मोहन यादव ने कहा कि 12 साल पहले देश की जनता ने बड़े विश्वास और उम्मीदों के साथ नरेंद्र मोदी को देश की जिम्मेदारी सौंपी थी. लेकिन सत्ता संभालने के बाद भी उन्होंने खुद को जनता का सेवक ही माना और उसी सोच के साथ देशहित में काम किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. उनके मुताबिक, बीते वर्षों में सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐसे कदम उठाए गए, जिन्होंने देश की तस्वीर बदलने का काम किया. उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की सोच के साथ सरकार ने समाज के हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया है.

मोहन यादव ने विशेष रूप से गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं का उल्लेख किया. उनका कहना था कि इन पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और लोगों का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है.

तीन तलाक कानून से मिली सामाजिक सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने मुस्लिम महिलाओं से जुड़े तीन तलाक कानून का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस फैसले ने अनेक महिलाओं को सामाजिक और कानूनी सुरक्षा प्रदान की तथा उनके आत्मसम्मान को मजबूती दी. इसके अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए मुफ्त राशन और देशव्यापी टीकाकरण अभियान को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

उन्होंने कहा कि महामारी के कठिन दौर में भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि कई अन्य देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का परिचय दिया. यह भारत की वैश्विक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का उदाहरण था.

मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है. इन योजनाओं ने लोगों में अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया है.

अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से बदल रहा है और दुनिया में एक मजबूत शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है. उनके अनुसार, यह परिवर्तन इसलिए संभव हुआ है क्योंकि सरकार की नीतियों और निर्णयों के केंद्र में हमेशा आम नागरिक और मानवीय संवेदनाएं रही हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश आगे भी इसी गति से प्रगति करता रहेगा.

यह भी पढ़ें: ‘आसिम मुनिर आतंकवादी है’, PoK में विरोध प्रदर्शन ने पकड़ा जोर, सड़कों पर उतरे लोग

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital