Elon Musk Trillionaire
Elon Musk Trillionaire: दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है. वो दुनिया के पहले खरबपति (ट्रिलियनेयर) बन गए हैं. उनकी संपत्ति अब 1.1 ट्रिलियन डॉलर हो गई है. ऐसा तब हुआ जब वॉल स्ट्रीट पर स्पेस एक्स (SpaceX) के शेयरों में भारी उछाल आया. उनके शेयरों की कीमत एक दिन में 11% बढ़कर 150 डॉलर हो गई, जो बाद में और बढ़कर 167 डॉल प्रति शेयर पहुंच गई. जिसके बाद उनकी कंपनी की मार्केट वैल्यू 2.18 ट्रिलियन डॉलर हो गई.
SpaceX के शेयरों के IPO की कीमत 135 डॉलर रखी गई थी. जो बाद में 150 डॉलर पर पहुंच गई. जिसकी वजह से एलन मस्क की संपत्ति में भी भारी उछाल देखने को मिला. उनका नेटवर्थ 1 ट्रिलियन डॉलर पार कर गया. उनके इस नेटवर्थ में SpaceX और टेस्ला के शेयरों की संपत्ति शामिल है. इसके अलावा मस्क के पास न्यूरोटेक्नोलॉजी कंपनी और टनल कंपनी के भी शेयर हैं.
जनवरी 2021 में Tesla के शेयरों में जबरदस्त तेजी आने के बाद एलन मस्क की कुल संपत्ति 185 अरब डॉलर के पार पहुंच गई थी. इसके साथ ही उन्होंने Amazon के संस्थापक जेफ बेजोस को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल कर लिया था.
पूंजी जुटा रहे एलन मस्क
मस्क का कहना है कि SpaceX को पब्लिक करने के पीछे मुख्य वजह कंपनी की भविष्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए पूंजी जुटाना है. उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष में सैटेलाइट नेटवर्क और डेटा सेंटर स्थापित करने के साथ-साथ मंगल ग्रह पर मानव बस्ती बसाने जैसे बड़े लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भारी निवेश की आवश्यकता होगी.
SpaceX के डुअल-क्लास शेयर ढांचे के कारण कंपनी पर मस्क का मजबूत नियंत्रण बना हुआ है. कंपनी की कुल वोटिंग पावर का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा उनके पास है. क्लास-बी शेयरों में प्रति शेयर 10 वोट का अधिकार मिलता है, जबकि क्लास-ए शेयरधारकों को प्रत्येक शेयर पर एक वोट मिलता है.
स्टारशिप कार्यक्रम ने बदली किस्मत
साल 2002 में स्थापित SpaceX ने दोबारा उपयोग किए जा सकने वाले Falcon 9 और Falcon Heavy रॉकेट, Dragon स्पेसक्राफ्ट और गहरे अंतरिक्ष अभियानों के लिए विकसित किए जा रहे Starship कार्यक्रम के जरिए वैश्विक अंतरिक्ष उद्योग में क्रांतिकारी बदलाव लाया है.
इसके अलावा, कंपनी का सैटेलाइट इंटरनेट प्रोजेक्ट Starlink भी तेजी से बढ़ा है. यह कारोबार न केवल SpaceX की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है, बल्कि निवेशकों के बीच कंपनी की लोकप्रियता और आकर्षण को भी लगातार बढ़ा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



