हवाई अड्डे हों, दिल्ली की मेट्रो हो, या देश के सबसे अहम औद्योगिक और परमाणु प्रतिष्ठान… हर जगह मुस्तैदी से डटी रहने वाली केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को अब और भी ज्यादा हाई-टेक बनाने की तैयारी हो चुकी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली के CGO कॉम्प्लेक्स में CISF के नए अत्याधुनिक मुख्यालय का भूमिपूजन करेंगे. यह कदम देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में एक बहुत बड़ा गेम-चेंजर माना जा रहा है.
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा
अब तक अलग-अलग जगहों से ऑपरेट होने वाले कामकाज को एक छत के नीचे लाने के लिए यह नया भवन पूरी तरह से ‘स्मार्ट’ और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. इस नए ‘कमांड सेंटर’ के बनने से CISF को एक एकीकृत (Integrated) कार्यस्थल मिलेगा, जिससे बल के प्रशासनिक कामकाज, रणनीतिक समन्वय (Coordination) और ऑपरेशनल क्षमताएं सीधे तौर पर दोगुनी हो जाएंगी. यह मुख्यालय किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एक्शन लेने के लिए एक नर्व सेंटर की तरह काम करेगा.
3 हजार से 2.20 लाख जवानों की ‘महा-शक्ति’
CISF का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है. 1968 में जब संसद के एक अधिनियम के तहत इसकी स्थापना हुई थी, तब इसके पास सिर्फ 3,129 जवान थे. लेकिन आज यह बल बढ़कर लगभग 2.20 लाख कर्मियों की ‘महा-शक्ति’ बन चुका है. आज देश का शायद ही कोई राज्य ऐसा हो जहां CISF के जवान अपनी जान की बाजी लगाकर देश की संपत्तियों की रक्षा न कर रहे हों.
70 एयरपोर्ट और 361 ठिकानों पर ‘पैनी नजर’
वर्तमान में CISF की जिम्मेदारियां और ताकत देखकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे. यह बल देश भर में 361 अति-महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा संभाल रहा है, जिनमें देश के 70 हवाई अड्डे भी शामिल हैं. इसके अलावा, किसी भी बड़ी आतंकी या सुरक्षा चुनौती से पल भर में निपटने के लिए बल के पास 12 रिजर्व बटालियन एनीटाइम ‘स्टैंडबाय’ मोड पर रहती हैं.
ये भी पढ़ें: ‘ऑपरेशन सक्सेसफुल…’ सीएम फडणवीस के बयान ने उड़ाए ठाकरे के होश, क्या 3 बजे तक पलट जाएगी महाराष्ट्र की सियासत?
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
गृह मंत्रालय और CISF के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में हो रहा यह शिलान्यास समारोह सिर्फ एक इमारत की नींव नहीं है, बल्कि यह केंद्र सरकार का वह साफ संदेश है कि भारत अपनी ‘आंतरिक सुरक्षा’ और जवानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा. नए मुख्यालय के साथ CISF का ‘एक्शन’ अब और भी ज्यादा हाई-वोल्टेज होने वाला है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


