Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

पीएम मोदी से मिले अमेज़न CEO एंडी जेसी; भारत में निवेश बढ़ाकर किया $48 अरब, मिलेंगे लाखों रोजगार

अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने कहा कि वो पीएम के विजन से प्रभावित हैं.

अमेज़न और भारत सरकार के बीच साझेदारी को लेकर गुरुवार को उस समय एक अहम चर्चा देखने को मिली जब दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी अमेज़न (Amazon) के सीईओ एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री की सोच और विकास के विज़न की जमकर तारीफ की और कहा कि भारत जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, वह वाकई दुनिया का ध्यान खींच रहा है.

मुलाकात के बाद जारी एक वीडियो संदेश में एंडी जेसी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी का विज़न काफी उल्लेखनीय रहा है. उनके मुताबिक, भारत न सिर्फ घरेलू स्तर पर विकास कर रहा है, बल्कि वैश्विक मंच पर भी अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि जब भी उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिलता है, तो यह साफ नजर आता है कि उनके पास देश को और बेहतर बनाने के लिए लगातार नए विचार होते हैं. जेसी ने इसे भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावशाली नेतृत्व बताया.

इस मुलाकात का सबसे अहम पहलू रहा कंपनी का निवेश बढ़ाने का ऐलान. एंडी जेसी ने बताया कि 2010 से अब तक अमेज़न भारत में लगभग 40 अरब डॉलर का निवेश कर चुका है. पहले कंपनी ने 2026 से 2030 के बीच 35 अरब डॉलर के नए निवेश की योजना बनाई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 48 अरब डॉलर कर दिया गया है. यानी आने वाले वर्षों में भारत में अमेज़न का निवेश और भी तेज़ी से बढ़ेगा.

उन्होंने साफ कहा कि इस निवेश का बड़ा हिस्सा ई-कॉमर्स बिज़नेस में जाएगा, लेकिन हाल ही में घोषित अतिरिक्त 13 अरब डॉलर खास तौर पर क्लाउड टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर केंद्रित होगा.

भारत बन रहा AI और क्लाउड का बड़ा केंद्र

एंडी जेसी ने यह भी माना कि भारत तेजी से क्लाउड और एआई का एक महत्वपूर्ण ग्लोबल हब बनता जा रहा है. यहां इन तकनीकों की मांग लगातार बढ़ रही है, और यही वजह है कि कंपनी इन क्षेत्रों में और अधिक निवेश कर रही है.

रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 तक अमेज़न की गतिविधियों से भारत में सीधे और परोक्ष रूप से लगभग 28 लाख लोगों को रोजगार मिला है. कंपनी का लक्ष्य है कि 2030 तक यह संख्या बढ़कर करीब 38 लाख तक पहुंच जाए.

मुलाकात के बाद एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक तस्वीर भी साझा की और लिखा कि भारत में अमेज़न के भविष्य को लेकर यह बैठक बेहद सकारात्मक रही. उन्होंने कहा कि कंपनी पिछले एक दशक से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स और स्टार्टअप्स को सेवाएं दे रही है और अभी तो इस यात्रा की शुरुआत ही है.

यह भी पढ़ें: अमीर देशों के रिकॉर्ड भी बेदाग नहीं…’ सेंट पीटर्सबर्ग लीगल फोरम में दिखा CJI सूर्यकांत का कड़ा रुख

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital