Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान दिवस पर देश का नमन, अमित शाह बोले- उनका साहस हमेशा प्रेरित करेगा

कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान दिवस पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा उनका साहस हमेशा प्रेरणा देता रहेगा.

Vikram Batra Martyrdom Day: कारगिल युद्ध के अमर योद्धा और परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान दिवस पर पूरे देश ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर केंद्र और विभिन्न राज्यों के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद किया. नेताओं ने कहा कि कैप्टन बत्रा का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा.

अमित शाह ने याद किया ‘शेरशाह’ का अदम्य पराक्रम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन विक्रम बत्रा ने असाधारण वीरता और अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण और कठिन पहाड़ी चोटी पर कब्जा किया था. उन्होंने दुश्मनों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और भारतीय सेना के शौर्य का शानदार उदाहरण पेश किया.

अमित शाह ने आगे कहा कि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा अपने अटूट संकल्प और निडर नेतृत्व के कारण ‘शेरशाह’ के नाम से हमेशा के लिए अमर हो गए. उनका सर्वोच्च बलिदान हर भारतीय को यह संदेश देता है कि राष्ट्रहित से बड़ा कुछ भी नहीं होता.

‘राष्ट्रभक्ति की मिसाल हैं विक्रम बत्रा’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जब भी देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की बात होगी, उनका नाम गर्व से लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मां भारती के इस वीर सपूत ने अपने जीवन से यह साबित किया कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान ही सच्ची राष्ट्रसेवा है. योगी ने कहा कि पूरा देश आज कृतज्ञ भाव से उन्हें याद कर रहा है.

कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने किया नमन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल युद्ध के अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा का अदम्य साहस और बलिदान हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता.

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कैप्टन बत्रा को याद करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा. उन्होंने कहा कि उनका पराक्रम और कर्तव्य के प्रति समर्पण हर नागरिक को देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.


ये भी पढ़ें: दिल्ली में 70 लाख पौधों की मेगा प्लांटेशन ड्राइव; गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा का जीवन साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का अनुपम उदाहरण है. उन्होंने कहा कि तिरंगे की आन-बान-शान की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान हमेशा देशवासियों के दिलों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाता रहेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital