Pakistan Diwali News: पाकिस्तान में भी इस साल दिवाली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं- राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हिंदू समुदाय को विशेष शुभकामनाएं दी हैं और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की है.
पाकिस्तान में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हिंदू समुदाय को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं. दोनों नेताओं ने देश के विकास में हिंदुओं के योगदान की सराहना करते हुए अल्पसंख्यकों के अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करने का संकल्प लिया है.
पाकिस्तान में भी गूंजी दिवाली की गमक
भारत के साथ-साथ पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी दीपोत्सव का जश्न देखने को मिला, जहां हिंदू समुदाय के लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर दीये जलाए. इस मौके पर राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने अलग-अलग संदेशों में आपसी भाईचारे का संदेश दिया और इसे नफरत पर रोशनी की जीत बताया.
अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा
रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति जरदारी और प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि दिवाली का त्योहार असहिष्णुता और निराशा के अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है. राष्ट्रपति जरदारी ने जोर देकर कहा कि धार्मिक अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करना सबकी साझा जिम्मेदारी है और हिंदू समुदाय पाकिस्तान के राष्ट्रीय जीवन का एक अहम हिस्सा है.
विभिन्न क्षेत्रों में अहम योगदान
राष्ट्रपति ने शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय, जनसेवा और कला-संस्कृति के क्षेत्रों में हिंदू समुदाय के योगदान को सराहते हुए कहा कि इन्होंने देश को समृद्ध बनाया है. वहीं, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी हिंदू समुदाय को देश के सामाजिक ताने-बाने का जरूरी हिस्सा बताते हुए बिना किसी भेदभाव के सभी नागरिकों की धार्मिक स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
यह भी पढ़ें-चीनी जासूस के हनीट्रैप में फंसे Nvidia CEO, संसद में होगी पेशी, Kiss से लेकर हाथ पकड़ने का VIDEO वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



