PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे को लेकर शहर में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं. प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर प्रशासन के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं. भाजपा चंडीगढ़ के अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा ने कहा है कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और लोग इस दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं.
जितेंद्र मल्होत्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान चंडीगढ़ को दो बड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात देने जा रहे हैं. इनमें एक आधुनिक डेडिकेटेड न्यूरोसाइंसेज हॉस्पिटल और दूसरा मदर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल शामिल है. इन परियोजनाओं के शुरू होने से शहर और आसपास के इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है.
‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान की शुरुआत
प्रधानमंत्री के दौरे को खास बनाने के लिए भाजपा ने शहर में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत अगले तीन दिनों तक चंडीगढ़ में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा. पार्टी कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा ले रहे हैं.
मल्होत्रा ने कहा कि चंडीगढ़ पहले से ही देश के सबसे साफ-सुथरे शहरों में अपनी पहचान रखता है, लेकिन प्रधानमंत्री के स्वागत के मौके पर इसे और सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि स्वच्छता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में हमेशा से शामिल रही है और वह अपने हर दौरे में साफ-सफाई को विशेष महत्व देते हैं.
पीईसी में होगा बड़ा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसमें करीब 7 से 8 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि कार्यक्रम का अंतिम समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि यह दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच आयोजित किया जा सकता है. प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम की जानकारी जल्द जारी होने की उम्मीद है.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वच्छता को लेकर संदेश केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान तभी सफल हो सकता है जब देश के नागरिक भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाएं.
ये भी पढ़ें: स्कूटी बनी ‘काल’: नोएडा की 5 मंजिला इमारत में भड़की आग, 2 की मौत, 155 रेस्क्यू; कई परिवार फंसे
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


