प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह करीब 25 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस दौरे में रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधुनिक परिवहन से जुड़ी कई बड़ी योजनाएं शामिल हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर है, जिसे प्रधानमंत्री हरियाणा के जींद से हरी झंडी दिखाएंगे.
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत हरियाणा के जींद से करेंगे. यहां वह जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करेंगे. इस ट्रेन को भारतीय रेलवे की ग्रीन ट्रांसपोर्ट पहल की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. हाइड्रोजन तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प के तौर पर देखी जा रही है.
जींद में प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इसके साथ ही वह हरियाणा में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इनमें कई महत्वपूर्ण सड़क और रेलवे योजनाएं शामिल हैं.
हरियाणा को मिलेगी नई सड़क परियोजनाएं
हरियाणा में प्रधानमंत्री कई अहम हाईवे परियोजनाएं देश को समर्पित करेंगे. इनमें अंबाला-काला अंब फोर लेन हाईवे, जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे और हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना शामिल हैं. इन सड़कों के शुरू होने से प्रदेश में यातायात आसान होगा और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन करेंगे. कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने में मदद करेगा.
चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
दौरे के अगले चरण में प्रधानमंत्री चंडीगढ़ पहुंचेंगे. यहां करीब 4,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा. इनमें चंडीगढ़ स्थित PGIMER में एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर और नया क्रिटिकल केयर ब्लॉक शामिल हैं.
इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर बीमारियों के इलाज, बच्चों और माताओं की स्वास्थ्य सेवाओं तथा न्यूरोलॉजी से जुड़े उपचार में लोगों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा मोहाली-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे और PR-7 स्पर कॉरिडोर जैसी सड़क परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी.
पंजाब में रेलवे और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को बढ़ावा
प्रधानमंत्री दौरे के अंतिम चरण में पंजाब के जालंधर पहुंचेंगे. यहां वह 5,470 करोड़ रुपये से ज्यादा की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 75 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी इसी कार्यक्रम से किया जाएगा.
इसके अलावा दौलतपुर चौक-करटोली नई रेल लाइन का उद्घाटन होगा. करटोली-अंबाला और अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी के बीच नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी. इन सेवाओं से पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के कई क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा.
प्रधानमंत्री दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक हिस्से का उद्घाटन भी करेंगे. इसके साथ ही लुधियाना साउथर्न बाईपास की नींव रखी जाएगी, जिससे शहरों में यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- धुआं नहीं, सिर्फ भाप छोड़ेगी! पटरी पर दौड़ने को तैयार देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जानें क्या है इसकी खासियत?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



