President Murmu Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक तीन यूरोपीय देशों की यात्रा पर निकलेंगी. इस दौरान वे मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया जाएंगी. इस दौरे में उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री नींवूबेन जयंती भाई भामनिया और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा भी प्रतिनिधि मंडल का हिस्सा होंगे.
मोल्दोवा में पहली मंजिल
20 जुलाई को राष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा पहुंचेंगी. यहां राष्ट्रपति माइया संडू के निमंत्रण पर उनका स्वागत होगा. दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी.
उत्तरी मैसेडोनिया में कार्यक्रम
21 और 22 जुलाई को राष्ट्रपति मुर्मू उत्तरी मैसेडोनिया में रहेंगी. यहां वे राष्ट्रपति सिलजानोव्स्का-दावकोवा से मुलाकात करेंगी और द्विपक्षीय वार्ता करेंगी. इसके अलावा प्रधानमंत्री प्राइम ह्रिस्टिजान मिकोस्की और संसद अध्यक्ष से भी भेंट होगी. खास बात यह है कि राष्ट्रपति मुर्मू उत्तरी मैसेडोनिया की संसद को संबोधित भी करेंगी.
रोमानिया में अंतिम पड़ाव
23 से 25 जुलाई तक राष्ट्रपति का दौरा रोमानिया में होगा. यहां वे भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी. साथ ही भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात होगी. इस दौरान व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और गहराई देने पर जोर दिया जाएगा.
डॉ. दिनेश शर्मा की भूमिका
उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा भी इस यात्रा में शामिल होंगे. नगरीय विकास और वित्त मामलों में उनकी गहरी समझ है. राजनीति और संसदीय कार्यों का लंबा अनुभव होने के कारण उन्हें इस प्रतिनिधि मंडल में जगह दी गई है.
यह दौरा भारत की विदेश नीति के लिए अहम माना जा रहा है. तीनों देशों के साथ आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक रिश्तों को नई दिशा देने की उम्मीद है. राष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी और डॉ. दिनेश शर्मा जैसे अनुभवी नेताओं की भागीदारी से भारत की छवि और मजबूत होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

