मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास
Mohammed Shami Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी. शमी ने कहा कि भले ही वह सफेद जर्सी को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा.
36 वर्षीय शमी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा किया. इसमें उन्होंने अपने टेस्ट करियर के सफर, संघर्ष, चोट और वापसी के दिनों को याद किया. शमी ने लिखा,
मैं सफेद जर्सी तो छोड़ रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी.
उन्होंने आगे कहा कि जब पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब उनका एक ही सपना था कि वह अपने देश के लिए कुछ कर दिखाएं. इसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया.
‘टेस्ट क्रिकेट मेरी जिंदगी का खास हिस्सा रहा’
शमी ने अपने संन्यास के फैसले को भावुक बताते हुए कहा कि टेस्ट क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, बल्कि जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है. उन्होंने लिखा कि आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर रहा हूं.
उन्होंने अपने साथियों, कोच, परिवार और उन करोड़ों भारतीयों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके क्रिकेट सफर में उनका साथ दिया. शमी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) को भी धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं ने उनकी प्रतिभा पर भरोसा किया और उन्हें आगे बढ़ने के मौके दिए.
अपने संदेश के आखिर में शमी ने लिखा कि भले ही मैदान पर उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में रहेगा.
जून 2023 में खेला था आखिरी टेस्ट मैच
मोहम्मद शमी लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे थे. उन्होंने आखिरी बार मार्च 2025 में भारत के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था. टेस्ट क्रिकेट में वह आखिरी बार जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरे थे.
शमी ने नवंबर 2013 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने भारत के लिए कुल 64 टेस्ट मैच खेले और 27.71 की औसत से 229 विकेट हासिल किए. इस दौरान उन्होंने 6 बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. बल्लेबाजी में भी शमी ने 750 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने लिया संन्यास, 23 साल बाद पुर्तगाल की नंबर-7 जर्सी को कहा अलविदा
वनडे और टी20 में भी शानदार रहा रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मोहम्मद शमी का सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने भारत के लिए 108 वनडे मुकाबलों में 206 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 27 विकेट दर्ज हैं.
शमी की टेस्ट क्रिकेट से विदाई के साथ ही भारतीय क्रिकेट के एक अहम तेज गेंदबाजी सफर का अंत हो गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



