देश की राजधानी दिल्ली में नीट पेपर लीक और अभ्यर्थियों के जारी आंदोलन के चलते सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सख्त कर दी गई है. दरअसल जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के बैनर तले चल रहे विरोध प्रदर्शन और छात्रों के संभावित संसद व वीआईपी इलाकों की तरफ मार्च की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी DMRC ने एक बड़ी एडवाइजरी (Delhi Metro Advisory Today)
जारी की है.
DMRC के ताजा सेवा अपडेट के मुताबिक, आज सुबह सात बजकर तीस मिनट से अगले आदेश तक लुटियंस दिल्ली और आसपास के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को आम यात्रियों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.
सुरक्षा कारणों के चलते लिया गया बड़ा फैसला(Delhi Metro Advisory Today)
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में धांधली और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर देश भर से आए अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है. बीते दिनों प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़पों और लाठीचार्ज के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं.
संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और संवेदनशील सरकारी मंत्रालयों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर डीएमआरसी ने 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार यानी एंट्री-एग्जिट गेटों को अगले आदेश तक के लिए सील कर दिया है ताकि प्रदर्शनकारी किसी भी हालत में लुटियंस दिल्ली के भीतर दाखिल न हो सकें.
राजीव चौक समेत बंद हुए ये 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशन
डीएमआरसी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, जो 16 मेट्रो स्टेशन सुबह साढ़े सात बजे से पूरी तरह बंद किए गए हैं, उनकी सूची इस प्रकार है:
1. लोक कल्याण मार्ग
2. राजीव चौक
3. पटेल चौक
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग
5. बाराखंभा रोड
6. सुप्रीम कोर्ट
7. सेवा तीर्थ
8. जनपथ
9. मंडी हाउस
10. केन्द्रीय सचिवालय
11. आईटीओ
12. दिल्ली गेट
13. इंद्रप्रस्थ
14. खान मार्केट
15. जोर बाग
16. शिवाजी स्टेडियम
इन स्टेशनों पर किसी भी यात्री को स्टेशन के बाहर निकलने या ट्रेन में चढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है. इन स्टेशनों के बाहर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है.
ये भी पढ़ें- VIDEO: दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी बोले- ‘मोदी जी, हर जोर आजमा लो… ये लड़ाई अब रोके न रुकेगी’
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर मिलती रहेगी इंटरचेंज की सुविधा
हालांकि, सुबह-सुबह दफ्तर, कॉलेज और अपने गंतव्य के लिए निकलने वाले लाखों दैनिक यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो ने एक राहत भरी जानकारी (Delhi Metro Advisory Today) भी साझा की है. DMRC ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे बड़े जंक्शन स्टेशनों पर इंटरचेंज यानी एक लाइन से दूसरी लाइन में ट्रेन बदलने की सुविधा पहले की तरह ही चालू रहेगी. इन स्टेशनों पर यात्री अपनी ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन वे स्टेशन के बाहर निकास द्वारों से बाहर नहीं निकल पाएंगे. इस फैसले से येलो, ब्लू और वायलेट लाइन पर सफर करने वाले यात्रियों को आंशिक राहत मिलेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


