Bharat Express DD Free Dish

NEET Paper Leak Protest: बिहार बंद के बीच हाई अलर्ट, आरा से जहानाबाद तक भारी पुलिस बल तैनात

NEET paper leak Bihar Bandh update: NEET पेपर लीक मामले को लेकर AISA के बिहार बंद के बीच भोजपुर और जहानाबाद समेत कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रशासन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

NEET paper leak Bihar Bandh update

NEET paper leak Bihar Bandh update

NEET paper leak Bihar Bandh update: NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्र संगठन AISA द्वारा शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद के मद्देनजर राज्य के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. खासकर भोजपुर और जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है.

आरा में रेलवे स्टेशन से बाजार तक कड़ी निगरानी

भोजपुर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करना सभी नागरिकों का अधिकार है. इसी को ध्यान में रखते हुए छात्र संगठनों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी गई है. हालांकि प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जबरन दुकानें बंद कराने, यातायात बाधित करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. सुबह से ही आरा रेलवे जंक्शन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार गश्त की. रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस संयुक्त रूप से निगरानी कर रही है, ताकि रेल परिचालन और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

जहानाबाद में 900 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

जहानाबाद में हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की गई है. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के अनुसार, बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 900 से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की गई है. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है. इसके अलावा गश्ती दल लगातार इलाके का भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पहले 16, फिर 17…और अब 18: लगातार दो दिनों के बाद आज भी बंद रहेंगे दिल्ली के मेट्रो स्टेशन

प्रशासन की अपील- शांतिपूर्ण रहे प्रदर्शन

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने दी जाए.

NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग

AISA और अन्य छात्र संगठनों ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बिहार बंद का आह्वान किया है. प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का पूरा सम्मान किया जाएगा, लेकिन हिंसा, पथराव या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read