Bharat Express DD Free Dish

गौतम गंभीर और कोचिंग स्टाफ पर लटकी तलवार, खराब प्रदर्शन के बाद BCCI ले सकता है बड़ा फैसला

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर लचर प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई सख्त हो गया है. अगस्त में होने वाली रिव्यू मीटिंग में गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ पर फैसला लिया जा सकता है, जबकि श्रीलंका सीरीज के लिए टीम का ऐलान मंगलवार को होगा.

Gautam Gambhir, BCCI, Cricket

भारतीय क्रिकेट टीम का हालिया प्रदर्शन फैंस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं रहा है. भले ही टीम ने इस साल मार्च में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की हो लेकिन उसके बाद का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा और चिंताजनक रहा है. Gautam Gambhir के हेड कोच बनने के बाद टीम ने कुछ सफलताएं जरूर हासिल कीं लेकिन घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार ने सबको हैरान कर दिया. इसके बाद तो मानो सिलसिला ही चल पड़ा जब आयरलैंड ने इतिहास रचते हुए भारत को पहली बार किसी टी20 सीरीज में धूल चटा दी और फिर इंग्लैंड दौरे पर भी वनडे और टी20 सीरीज में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा.

इन तमाम हार को लेकर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI काफी सख्त नजर आ रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खराब दौर से गुजर रही टीम इंडिया के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए बोर्ड अगले महीने यानी अगस्त में एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग करने जा रहा है. हालांकि अभी तक इस बैठक की तारीख सामने नहीं आई है लेकिन इतना तय है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर टीम के लचर प्रदर्शन का हिसाब-किताब जरूर लिया जाएगा.

कोचिंग स्टाफ में हो सकते हैं बड़े फेरबदल

क्रिकबज से बातचीत में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कर दिया है कि बोर्ड इस मामले में गंभीर रुख अपना रहा है. इस रिव्यू मीटिंग के बाद गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

चर्चा यह भी है कि बोर्ड कुछ कोचों के कॉन्ट्रैक्ट की समीक्षा करेगा. रिपोर्ट्स के अनुसार असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट पहले ही अपने पद से हटने की इच्छा जताते हुए बीसीसीआई से गुजारिश कर चुके हैं. वहीं दूसरी ओर, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर भारतीय टीम की खराब फील्डिंग किसी से छिपी नहीं रही, जिसके चलते फील्डिंग कोच टी दिलीप का भविष्य भी खतरे में पड़ता नजर आ रहा है.

ये भी पढ़ें- बल्ले से फ्लॉप, गेंद से सुपरहिट! अभिषेक शर्मा की फिरकी में फंसा जिम्बाब्वे, भारत ने 90 रनों से रौंदा

श्रीलंका सीरीज के लिए कल होगा टीम का ऐलान

इस बीच श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है. बीसीसीआई सचिव सैकिया ने कंफर्म किया है कि इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार को कर दिया जाएगा.

इसके साथ ही युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस को लेकर भी स्थिति साफ हो गई है. बोर्ड के मुताबिक, रेड्डी अभी तक अपनी चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं, और यही वजह है कि वे श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest