Bharat Express DD Free Dish

‘दुश्मनों ने टेके घुटने’, कारगिल विजय दिवस पर अमित शाह ने वीर जवानों को किया नमन

Amit Shah on Kargil Vijay Diwas: कारगिल विजय दिवस 2026 पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने 1999 के कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और ऑपरेशन विजय की वीरगाथा को याद किया.

Amit Shah on Kargil Vijay Diwas: कारगिल विजय दिवस के मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। सभी नेताओं ने 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के साहस, बलिदान और देशभक्ति को याद करते हुए कहा कि उनकी वीरता हमेशा देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।

ऑपरेशन विजय को बताया ऐतिहासिक

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि 1999 में बेहद कठिन परिस्थितियों और दुश्मन की ऊंचाई पर मौजूद चौकियों के बावजूद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ को सफल बनाया और देश की सीमाओं की रक्षा की. उन्होंने सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

उन्होंने कहा, “‘कारगिल विजय दिवस’ भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है. वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों और शत्रु के ऊंचाई पर स्थित मोर्चों के बावजूद, हमारे वीर जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.

राजनाथ सिंह- सैनिकों का बलिदान हमेशा याद रहेगा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कारगिल की कठिन पहाड़ियों पर भारतीय सैनिकों ने अद्भुत साहस दिखाकर देश की रक्षा की. उन्होंने शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.


ये भी पढ़ें: ‘अमर रहेगा बलिदान…’ कारगिल विजय दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, जानें 1999 की शौर्य गाथा


अन्य मंत्रियों ने भी जताया सम्मान

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने अपने साहस से देश का सम्मान बढ़ाया और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए. उन्होंने इसे भारत की ऐतिहासिक जीत बताया.

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह दिन भारतीय सेना के साहस, संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जवानों का बलिदान युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा.

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने अपने अद्भुत पराक्रम से देश की अस्मिता की रक्षा की और इतिहास में अमिट अध्याय लिखा. वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, अटूट समर्पण और अजेय शौर्य का प्रतीक है. उन्होंने मातृभूमि की रक्षा में बलिदान देने वाले सभी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest