Bharat Express DD Free Dish

कुदरत का कहर: जापान में भूकंप से मची तबाही, कुमामोटो में 60 से ज्यादा आफ्टरशॉक आए; 1.5 लाख लोग शिफ्ट

JAPAN EARTHQUAKE: जापान में 6.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण हड़कंप मच गया. कुमामोटो में 1.5 लाख लोगों को तत्‍काल घर छोड़कर निकलना पड़ा. कुछ इमारतें गिरने से दर्जनों लोग मलबे में दबे.

japan map satellite earthquake
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

जापान के दक्षिणी कुमामोटो (Kumamoto) क्षेत्र में आज शाम 6.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया. भूगर्भीय एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई में था. तेज झटकों के कारण पूरा इलाका कांप उठा और आसमान में धूल का विशाल गुबार उड़ता देखा गया.

सबसे ज्यादा नुकसान काशिमा (Kashima) शहर स्थित इओन मॉल (Aeon Mall) में हुआ, जहां इमारत की दूसरी मंजिल भरभराकर गिर गई. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉल ढहने से पहले वहां एक बड़ा धमाका भी सुना गया था. मलबे में 50 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.

1.5 लाख लोग सुरक्षित ठिकानों पर राहत शिविरों में भेजे गए

भूकंप के तुरंत बाद तटीय इलाकों के लिए सुनामी (Tsunami) की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे लगभग एक घंटे बाद स्थिति का जायजा लेकर वापस ले लिया गया. हालांकि, एहतियात के तौर पर प्रशासन ने क्यूशू (Kyushu) द्वीप के 1.5 लाख से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाने के निर्देश जारी किए हैं.

earthquake

भूकंप के असर से सड़कों और पुलों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, कई इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं और 48,000 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई है.

60 से ज्यादा आफ्टरशॉक, 2-3 दिनों तक खतरे की आहट

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने चेतावनी दी है कि मुख्य भूकंप के बाद कुमामोटो में 1 से 4 तीव्रता के 60 से अधिक आफ्टरशॉक्स (आफ्टरशॉक) दर्ज किए जा चुके हैं, और अगले 2-3 दिनों तक तेज झटके जारी रहने की आशंका है.

राहत की बात यह है कि जापान की न्यूक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी (NRA) और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने पुष्टि की है कि क्षेत्रीय सेंदाई परमाणु ऊर्जा संयंत्र (Sendai Nuclear Power Plant) को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और इसके तीनों रिएक्टर्स पूरी तरह सुरक्षित व चालू हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय ने आपातकालीन टास्क फोर्स का गठन कर स्थिति पर नजर बनाए रखी है.

यह भी पढ़िए: फिर कांपा जापान: 7.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read