Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

अयोध्या में चढ़ेगा रामलला का तिलक, अपने पाहुन से मिलने जनकपुर से अयोध्या पहुंचे लोग, जानिए क्या है तिलकहरू परंपरा?

Ram Lalla Tilakotsav: नेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल रामलला का तिलक चढ़ाने अयोध्या पहुंचा. मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव के नेतृत्व में आए दल का भाजपाइयों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.

janakpur-tilakharu-reaches-ayodhya-ram-lalla-tilak

दामाद रामलला का तिलक लेकर जनकपुर से अयोध्या पहुंचा काफिला

Ram Lalla Tilakotsav: अयोध्या में राम-जानकी विवाहोत्सव की सदियों पुरानी परंपरा एक बार फिर जीवंत होने जा रही है. माता सीता के मायके नेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल रामलला का तिलक लेकर अयोध्या आ चुके हैं. नेपाल से अयोध्या पहुंचने पर भाजपाइयों ने उनकी पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.

नेपाल के मधेश प्रदेश के सभामुख (विधानसभा अध्यक्ष) रामाशीष यादव के नेतृत्व में अयोध्या पहुंचे तिलकहरू दल में जनकपुर के मेयर मनोज शाह, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव और नेपाल विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हैं.

अयोध्या पहुंचा यह दल परंपरा के अनुसार रामलला को तिलक लगायेगा और भार यानी नेग देगा. इस तिलकहरू दल में 10 महिलाएं भी शामिल हैं. जो माता सीता की सखियों के रूप में विवाहोत्सव की रस्में निभाएंगी. जनकपुर की ओर से रामलला को सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा, मिठाई और वस्त्र सहित कई उपहार भेंट किये जाएंगे.

क्या है तिलकहरू परंपरा?

बिहार के मिथिला में शादी के दौरान लड़की पक्ष के लोग लड़के के घर तिलक लेकर जाते हैं. इस रस्म को तिलक चढ़ाना कहता जाता है और जो लोग इस रस्म को निभाने के लिए लड़के के घर जाते हैं उन्हें तिलकहरू कहते हैं. बता दें कि, माता सीता का मायका नेपाल के जनकपुर को माना जाता है. वहीं भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या है. इसी रिश्ते के तहत जनकपुर के लोग भगवान राम को अपना पाहुन यानी दामाद मानते हैं और हर साल उनका तिलक चढ़ाने के लिए अयोध्या पहुंचते हैं.

त्रेतायुग से जुड़ी है राम-जानकी विवाह की परंपरा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जनकपुर के राजा महाराज जनक ने अपनी बेटी सीता का विवाह अयोध्या के राजकुमार राम से किया था. इस विवाह के लिए भगवान राम की बारात अयोध्या से जनकपुर के लिए गई थी. राम-जानकी विवाह को लेकर हर साल जनकपुर में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है. इस दौरान राम-जानकी विवाह की परंपराएं निभाई जाती है. खास बात ये है कि इस विवाह के लिए भगवान राम के घर अयोध्या से भी बारात जनकपुर के लिए जाती है.

ये भी पढ़ें- रविवार को पुष्य नक्षत्र व ब्रह्म योग का दुर्लभ संयोग! षष्ठी तिथि की टाइमिंग और शुभ मुहूर्त समेत जानें आज का पंचांग

यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अयोध्या और जनकपुर के सदियों पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है. त्रेतायुग से चली आ रही राम-जानकी विवाह की परंपरा को आज भी उसी आत्मीयता और श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism