Bharat Express DD Free Dish

जयपुर के आमेर में नशे के बड़े कारोबार का पर्दाफाश, सब्जियों के बीच छिपे मिले गांजे के 3300 से ज्यादा पौधे

जयपुर के आमेर में सब्जियों की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का खुलासा हुआ है. पुलिस ने खेत से 3,347 पौधे (481 किलो से ज्यादा) जब्त किए हैं. आरोपी किसान फरार है.

Jaipur Police Busted Illegal Cannabis Farming Hidden Among Vegetables In Amer
Edited by Vaibhav Gupta

राजस्थान की राजधानी जयपुर से नशे के कारोबार का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस से बचने के लिए एक किसान ने अपने खेत में सब्जियों की आड़ में गांजे की अवैध खेती शुरू कर दी. दूर से देखने पर खेत में सिर्फ हरी-भरी सब्जियां नजर आती थीं, लेकिन जब पुलिस ने दबिश दी, तो सब्जियों की आड़ में लहलहाती गांजे की पूरी फसल देखकर हर कोई दंग रह गया.

3 हजार से ज्यादा पौधे जब्त

आमेर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर छापराड़ी गांव के एक खेत में यह बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने मौके से करीब 3,347 गांजे के पौधे जड़ समेत उखाड़कर जब्त किए हैं. तौल कराने पर इन पौधों का कुल वजन 481 किलो 650 ग्राम निकला.

आमेर थाना प्रभारी गौतम डोटासरा ने बताया कि आरोपी ने बड़ी चालाकी से गांजे के पौधों को छिपाने के लिए उनके चारों तरफ और बीच-बीच में हरी सब्जियां उगा रखी थीं, ताकि कोई भी आसानी से इस ‘ग्रीन ड्रग्स’ के खेल को न पकड़ सके.

NDPS एक्ट में दर्ज हुआ केस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेत मूलचंद मीणा नाम के किसान का है. हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में उगाए जा रहे गांजे की सप्लाई किन-किन इलाकों में होनी थी. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह काम अकेले कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित ड्रग्स सिंडिकेट काम कर रहा है. खेत में मिली इस अवैध फसल ने साफ कर दिया है कि नशा माफिया अब ग्रामीण इलाकों और खेती की जमीनों को भी अपना नया ठिकाना बना रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ‘मैं कहां गया मत पूछना…’ कैंसर पीड़ित पिता का छोटे बेटे को आखिरी भावुक संदेश, देखें VIDEO

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read