Delhi Traffic Police Advisory: पवित्र कांवड़ यात्रा 2026 के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में आवाजाही को लेकर एक बड़ी और कड़क ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. कांवड़ियों की भारी भीड़, सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री बैन कर दी गई है, जबकि कई रूट्स को डायवर्ट किया गया है.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, यह पाबंदी 29 जुलाई से शुरू होकर 12 अगस्त तक लागू रहेगी. ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी जाम से बचने के लिए एक्स्ट्रा टाइम लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
9 अगस्त को पूरी तरह बंद रहेगा GT रोड(Delhi Traffic Advisory Kanwar Yatra)
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के सबसे व्यस्त दिन यानी 9 अगस्त को जीटी रोड (GT Road) आम ट्रैफिक के लिए पूरी तरह बंद रहेगा. अप्सरा बॉर्डर से लेकर यमुना ब्रिज तक जीटी रोड पर किसी भी सामान्य वाहन को जाने की इजाजत नहीं होगी.
इसके अलावा, कमर्शियल और भारी वाहनों की दिल्ली में एंट्री रोकने के लिए उन्हें नेशनल हाईवे-9 (NH-9) और नेशनल हाईवे-44 (NH-44) की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव न बढ़े.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों की नो-एंट्री
एक और बड़ा अपडेट देते हुए ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ यात्रियों और कांवड़ से जुड़े वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार ट्रैफिक को देखते हुए यह फैसला हादसों को रोकने के लिए लिया गया है. कांवड़ यात्रियों के लिए अलग से समर्पित सुरक्षित कॉरिडोर बनाए गए हैं, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें.
वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस(Delhi Traffic Advisory Kanwar Yatra) ने राजधानी की जनता और दफ्तर आने-जाने वाले लोगों से अपील की है कि वे जीटी रोड और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के प्रभावित इलाकों में जाने से बचें. यात्रा पर निकलने से पहले गूगल मैप्स या ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से अपडेटेड रूट्स जरूर चेक कर लें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



