MP Crime: मध्य प्रदेश की मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर से खाकी को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है. जनता का गुस्सा शांत करने के लिए पुलिस ने बदमाशों का जुलूस तो निकाला, लेकिन यह पूरी कार्रवाई महज एक प्रायोजित ड्रामा निकली.
इंदौर में संगीन अपराध के दो आरोपियों पर कार्रवाई का दिखावा करने के लिए पुलिस ने कथित तौर पर ₹20,000 में सौदा कर लिया. जनता को दिखाने के लिए बदमाशों के हाथों पर नकली प्लास्टर बांधकर जुलूस तो निकाला गया, लेकिन जेल के गेट पर पहुंचते ही बदमाशों ने फर्जी पट्टियां उतारकर फेंक दीं. इसका वीडियो वायरल होते ही इंदौर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
₹20,000 में तय हुआ ‘सजा का ड्रामा’
इंदौर में एक संगीन अपराध के सिलसिले में पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया था. वारदात से आक्रोशित स्थानीय जनता की मांग थी कि बदमाशों की सरेआम पिटाई की जाए और उनका जुलूस निकाला जाए. लेकिन आरोप है कि पुलिस और अपराधियों के बीच कार्रवाई का दिखावा करने के लिए ₹20,000 में सौदा तय हो गया.
सड़क पर लंगड़ाए, जेल के गेट पर उतरी पट्टी (Indore Police Fake Plaster)
सौदे के मुताबिक, पुलिस ने दोनों बदमाशों के हाथों में नकली प्लास्टर चढ़ा दिया और उन्हें लंगड़ाते हुए सड़क पर घुमाया ताकि जनता को लगे कि पुलिस ने उनकी ‘अच्छी खातिरदारी’ की है. हालांकि, यह पूरा नाटक ज्यादा देर नहीं टिक सका. जेल में दाखिल होते समय, जेल के मुख्य द्वार पर ही दोनों बदमाशों ने अपने हाथों से फर्जी पट्टियां उतारकर फेंक दीं.
वाह रे इंदौर की नकली प्लास्टर वाली पुलिस…
इंदौर में दो अपराधियों को किसी संगीन जुर्म में पकड़ा गया. जनता की मांग थी कि इनकी पिटाई की जाए और पब्लिक जुलूस निकाला जाए.
पुलिस और अपराधियों के बीच 20,000 रुपए में सौदा तय हुआ. दोनों अपराधियों के हाथ में नकली प्लास्टर लगा कर लंगड़ाते… pic.twitter.com/M76BYZw7CN— Ruby Arun रूबी अरुण (@arunruby08) July 29, 2026
वीडियो वायरल होते ही महकमे में हड़कंप (MP Police Viral Video)
जेल के गेट पर बदमाशों द्वारा नकली पट्टी उतारने का यह पूरा वाकया किसी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. खाकी की इस अजब कलाकारी और साठगांठ की पोल खुलने के बाद इंदौर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आला अधिकारी मामले पर पर्दा डालते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें-Birbhum Cash Seizure: पूर्व बस ड्राइवर के घर मिला नोटों का पहाड़! 28 करोड़ कैश और 15 किलो सोने से मचा हड़कंप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



