Balrampur Family Death Case: बलरामपुर/ राहुल रतन: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. कोतवाली देहात क्षेत्र के झौंहना गांव में खेत के बीच बने मकान में पति-पत्नी, उनकी तीन वर्षीय बेटी और करीब 10 माह के मासूम बेटे के शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.
एक परीवार की 4 लाशें
मृतकों की पहचान बजरंगी, उनकी पत्नी कोमल, तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और करीब 10 माह के बेटे जयदीप के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में बजरंगी, कोमल और श्रद्धा के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं, जबकि मासूम जयदीप के शरीर पर घाव के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, बजरंगी का मकान खेत में बना हुआ था और आसपास करीब 100 मीटर तक कोई दूसरा घर नहीं है. घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन घटना के समय कैमरे बंद थे. पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी दोपहर करीब तीन बजे से लेकर घटना के समय तक बंद रहा और बाद में, जब ग्रामीणों की भीड़ घर पहुंची, तब कैमरा चालू मिला. इससे जांच एजेंसियों के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं.
खून से सनी कैंची जब्त
एसपी विकास कुमार ने बताया कि मृतक के भाई नानबच्चा ने घटना की सूचना दी और मौके से मिले तीन अवैध तमंचे पुलिस को सौंपे. इसके अलावा एक कमरे में शवों के पास खून से सनी कैंची भी बरामद हुई है, जबकि बगल के कमरे में रखे एक बक्से पर भी खून के निशान मिले हैं. पुलिस ने इन सभी साक्ष्यों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है.
ये भी पढ़ें: सीएम से मिलने निकली महिला चढ़ गई मोबाइल टावर पर, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, CM योगी से लगाई यह गुहार
पुलिस की जांच जारी
जांच के दौरान मृतक के भाई ने दो मोबाइल फोन भी पुलिस को दिए हैं. इनमें से एक मोबाइल में बजरंगी का एक वीडियो मिला है, जिसमें वह आत्महत्या करने की बात करता दिखाई दे रहा है. हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बजरंगी ब्याज पर रुपये उधार देने का काम करता था और लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका भी जताई जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है. चारों मौतों की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. अधिकारियों ने दावा किया है कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

