Urdu Conclave 2026

सीएम से मिलने निकली महिला चढ़ गई मोबाइल टावर पर, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, CM योगी से लगाई यह गुहार

लखनऊ के हजरतगंज में आगरा की एक महिला CM योगी से मिलने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. पुलिस और फायर विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा. जानिए पूरा मामला.

UP News: लखनऊ/ रवि शर्मा: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा से आई एक महिला अचानक पार्क रोड स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और काफी देर तक स्टील के प्लेटफॉर्म पर बैठकर हंगामा करती रही. राहगीरों ने जब महिला को टावर पर देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया.

सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. आखिरकार फायर विभाग की गाड़ी और सुरक्षा उपकरणों की मदद से महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया. इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

महिला की पहचान आगरा कैंट क्षेत्र के श्याम विहार छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा के रूप में हुई है. महिला का आरोप है कि उसने अपने नाबालिग बच्चों को सामान लेने रेलवे स्टेशन भेजा था, जहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उन पर चोरी का आरोप लगाकर मारपीट की. महिला का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने बच्चों से 2,000 रुपये छीन लिए और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया. इतना ही नहीं, जब उसने विरोध किया तो उसे भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई.

CM योगी से मिलने के लिए अपनाया तरीका

तुलसा का कहना है कि आगरा में उसकी शिकायत नहीं सुनी गई, इसलिए वह मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने लखनऊ पहुंची थी. अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए उसने यह अनोखा तरीका अपनाया और मोबाइल टावर पर चढ़ गई.


ये भी पढ़ें: प्यार में अंधी मां, हैवान बना आशिक! मेरठ में प्रेम प्रसंग में रोड़ा बने 6 माह के बच्चे को नाले में फेंका


हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने महिला को पूरी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसकी शिकायत के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. यह अनोखी घटना राजधानी में पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही और लोगों के बीच कौतूहल का केंद्र बनी रही.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read