Kanwar Yatra 2026: सावन का महीना और चारों तरफ गूंजते ‘बम-बम भोले’ के जयकारे… इस पावन माहौल के बीच मुजफ्फरनगर से एक बेहद खुशी की और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. नीलकंठ से कांवड़ लेकर लौट रही एक महिला कांवड़िया को रास्ते में अचानक दर्द हुआ, जिसके बाद उसने जिला महिला अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया. इस अनोखी घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहे हैं.
ऐसे अस्पताल पहुंची थीं नेहा
दिल्ली के भलस्वा की रहने वाली 20 साल की नेहा अपनी साथी महिला कांवड़ियों के साथ ऋषिकेश से आगे नीलकंठ तक गई थीं. वहां से जल उठाकर वे सोमवार को मुजफ्फरनगर की सीमा में पहुंची ही थीं कि सात महीने की गर्भवती नेहा को अचानक तेज दर्द शुरू हो गया. उनकी हालत देख साथी कांवड़िए तो आगे बढ़ गए लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पुलिस जीप से नेहा को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया.
जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
अस्पताल के डॉक्टरों ने बिना देर किए डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी की. सात महीने की प्रेग्नेंसी होने के कारण दोनों बच्चों को एहतियात के तौर पर एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में रखा गया है. सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने अस्पताल पहुंचकर जच्चा-बच्चा का हालचाल जाना और बताया कि मां और दोनों नवजात शिशु पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें- ‘भारत ने PAK में घुसकर मारे 30 आतंकी’, लश्कर के कबूलनामे का VIDEO वायरल; उड़े पाकिस्तान के होश
एसएसपी ने सुझाए बच्चों के नाम
जैसे ही इस बात की खबर जिला प्रशासन तक पहुंची एसएसपी संजय वर्मा खुद महिला अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने सावन के पहले सोमवार पर घर आई इस डबल खुशियों की सौगात के लिए नेहा को बधाई दी और उपहार व फल भेंट किए. इतना ही नहीं एसएसपी ने नेहा की सहमति से दोनों जुड़वा बेटों के नाम कार्तिकेय और गणेश रखने का सुझाव दिया जिसे सबने सराहा. अस्पताल के स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने भी इस अनूठी घटना पर जमकर खुशी जताई.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





