Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

पीएम नरेंद्र मोदी चौथी बार उज्बेकिस्तान के दौरे पर: राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने ताशकंद में वेलकम किया, डिफेंस-एनर्जी सेक्टर में बड़े सौदों पर नजर

PM MODI UZBEKISTAN VISIT: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर ताशकंद पहुंचे. हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने खुद उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरे पर दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौते होने की उम्मीद है.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम मध्य एशियाई देश उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर ताशकंद पहुंच गए हैं. उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने कूटनीतिक प्रोटोकॉल से हटकर खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया, जो पिछले 12 वर्षों में दोनों देशों के बीच मजबूत हुई गहरी दोस्ती को दर्शाता है.

‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान 2030’ पर मंथन

ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेंगे. इस बैठक में भारत के ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने पर सहमति बनेगी.

पीएम मोदी ने कहा:

“हाल के वर्षों में भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. मैं व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा तथा ऊर्जा के क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और गहरा करने तथा हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ चर्चा को लेकर उत्सुक हूं.”

सांस्कृतिक जुड़ाव: शास्त्री मेमोरियल जाएंगे पीएम मोदी

अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज स्थित शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर का भी दौरा करेंगे. पीएम मोदी ने इसे भारत और उज्बेकिस्तान के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों और जन-जन के जुड़ाव का प्रतीक बताया.

ताशकंद में भारतीय प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और भारतीय समुदाय में भारी उत्साह देखा गया. एयरपोर्ट और सड़कों पर ‘जय हिंद, जय भारत, जय उज्बेकिस्तान’ के नारे भी गूंजे.

12 वर्षों में पीएम मोदी का चौथा उज्बेकिस्तान दौरा

यह प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है:

  • 2015: उज्बेकिस्तान और अन्य मध्य एशियाई देशों की पहली आधिकारिक यात्रा.
  • 2016 व 2022: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ताशकंद व समरकंद दौरा.

उज्बेकिस्तान यात्रा का समापन करने के बाद पीएम मोदी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक जाएंगे. वहां वे संगठन की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital