Vijay UK Visit controversy- bharat express
Vijay UK Visit controversy: हाल ही में यूनाइटेड किंगडम के प्रसिद्ध सिल्वरस्टोन सर्किट पर आयोजित रेसिंग इवेंट के दौरान साउथ सिनेमा के दिग्गजों का जमावड़ा देखा गया. तमिल फिल्मों के सुपरस्टार अजित कुमार को ट्रैक पर रेस के लिए उतरते देखने के लिए अभिनेत्री तृषा कृष्णन और राधिका सरथकुमार वहां पहुंचे. राधिका सरथकुमार ने तृषा के साथ एक सेल्फी साझा करते हुए लिखा, “लंदन में खूबसूरत तृषा से मुलाकात हुई. हमारे अपने ‘थाला’ अजित कुमार को इस वीकेंड ट्रैक पर उतरने के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं.” इस दौरान अजित कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ, जिसमें वे अपने प्रशंसकों के साथ बातचीत करते नजर आए. जब अजित अपनी कार से बाहर निकले, तो उन्होंने उत्साहित भीड़ को हाथ के इशारे से शांत रहने और आवाज कम करने की सलाह दी. वहीं तृषा को भी सिल्वरस्टोन रेसिंग सर्किट पर प्रशंसकों के बीच देखा गया, जिसके वीडियो ने इंटरनेट पर काफी चर्चा बटोरी.
सुरक्षा कारणों से लंदन में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द
ब्रिटेन यात्रा पर पहुंचे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का एक प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम लंदन की मशहूर इमारत ‘द शार्ड’ (The Shard) के बाहर रद्द कर दिया गया. मेट्रोपॉलिटन पुलिस की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर गहरी चिंता जताई गई थी. इस कार्यक्रम के लिए ‘द शार्ड’ के बाहर सैकड़ों प्रशंसक और तमिल समुदाय के लोग घंटों से कतार में खड़े थे. भीड़ की अप्रत्याशित संख्या को देखते हुए स्थानीय पुलिस से मंजूरी नहीं मिल सकी. इसके बाद विजय की टीम के एक सदस्य ने लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा करते हुए कहा, “जन सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण हम कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं, क्योंकि सुरक्षा कारणों से हमें पुलिस की अनुमति नहीं मिल पाई है.”
टीवीके (TVK) की प्रशंसकों से खास अपील
घटनाक्रम के तुरंत बाद, अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के सूचना एवं प्रसारण और आईटी विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान जारी किया. पार्टी ने कहा “हम तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मिलने के लिए आपके प्यार और पूरे जोश की सराहना करते हैं. हालांकि, जनता की सुरक्षा और लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, एक ऐसी स्थिति बन गई है जिसमें मुख्यमंत्री आपसे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल सकते. इसलिए हम विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि कोई भी उनसे मिलने की कोशिश न करे.” साथ ही पार्टी ने समर्थकों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री के ठहरने के स्थान या उनके आने-जाने के मार्गों के बाहर एकत्र न हों.
यह भी पढ़ें: मोदक-लड्डू नहीं, बप्पा को चढ़ाते हैं बोबा टी! थाईलैंड की ये गणेश पूजा क्यों है खास?
दो दिन पहले आया तृषा के साथ वीडियो, अब सीएम विजय को क्यों बुलाया गया लंदन से वापस?
लंदन दौरे के दौरान दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री तृषा का सिल्वरस्टोन सर्किट का वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने तीखा हमला बोला है. इसके तुरंत बाद लंदन पुलिस द्वारा उनके सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को रद्द किए जाने और पैदा हुए हंगामे के कारण उन्हें वापस लौटने के निर्देश व दबाव की खबरें सामने आने लगी हैं.हालांकि, मुख्यमंत्री विजय का यह दौरा आधिकारिक तौर पर तमिलनाडु में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से तय किया गया था. उनके कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरे के दौरान राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने कुल 12,300 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे राज्य में हजारों रोजगार सृजित होने का दावा किया गया है. लेकिन सिल्वरस्टोन के वीडियो और पुलिस अनुमति रद्द होने के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद गहरा गया है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



