Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी के जन्मदिन पर 1.25 लाख दीयों से जगमगाया कांकरिया लेकफ्रंट, गृह मंत्री अमित शाह ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर अहमदाबाद का कांकरिया लेकफ्रंट करीब 1.25 लाख दीयों से रोशन हुआ. अमित शाह और भूपेंद्र पटेल ने ‘एक दीपक आशीर्वाद नो’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

Amit Shah Ahmedabad Kankaria Lakefront

पीएम मोदी के जन्मदिन पर 1.25 लाख दीयों से जगमगाया कांकरिया लेकफ्रंट

अहमदाबाद में गुरुवार की शाम कांकरिया लेकफ्रंट का नजारा बेहद खास रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनकी 25 साल की जनसेवा के अवसर पर यहां ‘एक दीपक आशीर्वाद नो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हिस्सा लिया और ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के दौरान मां भारती की आरती भी की गई.

कांकरिया लेकफ्रंट को इस आयोजन के लिए करीब 1.25 लाख दीयों से सजाया गया था. शाम होते ही जब एक-एक कर दीये जलने लगे तो पूरा लेकफ्रंट रोशनी से जगमगा उठा. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में पहुंचे. लोगों ने अपने हाथों में दीये लेकर मां भारती की आरती में हिस्सा लिया और इस विशेष आयोजन का हिस्सा बने.

जगन्नाथ मंदिर में हुई महा आरती

इससे पहले अमित शाह और भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे. दोनों नेताओं ने भगवान जगन्नाथ की महा आरती में हिस्सा लिया और पूजा-अर्चना की. प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए भी प्रार्थना की गई. साथ ही मंदिर में गुजरात और राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की गई.

गुरुवार से ही गुजरात में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी हुई. प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनकी 25 वर्षों की जनसेवा को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में कई कार्यक्रम और जनकल्याण से जुड़े आयोजन किए गए.

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

जगन्नाथ मंदिर और कांकरिया लेकफ्रंट दोनों जगह स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बीजेपी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही. कार्यक्रम में शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए.

कांकरिया कार्यक्रम में पूर्व सांसद हरिन पाठक और डॉ. किरीट सोलंकी, डिप्टी मेयर अंजू शाह, स्थायी समिति के अध्यक्ष कमलेश पटेल, नगर आयुक्त बंछानिधि पानी और अहमदाबाद कलेक्टर भव्य वर्मा समेत कई अधिकारी और पार्षद भी मौजूद रहे. इस तरह अहमदाबाद में दीपों से सजा यह आयोजन ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत का प्रमुख आकर्षण बना.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read