बॉलीवुड से एक बहुत ही प्यारी और बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है. इंडस्ट्री के चहेते कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के घर फिर से खुशियों ने दस्तक दी है. दीपिका ने शनिवार को अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है और यह कपल एक बार फिर से बेटी के माता-पिता बन गया है. घर में नन्ही परी के आने से रणवीर और दीपिका की खुशी का ठिकाना नहीं है.
दीपिका पादुकोण ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से इस गुड न्यूज को फैंस के साथ शेयर किया. उन्होंने एक बहुत ही प्यारा सा पोस्ट साझा किया, जिस पर बच्चे के छोटे-छोटे पैरों के निशान बने हुए हैं और साथ में लिखा है, “बेबी गर्ल का स्वागत है.” कैप्शन में उन्होंने बुरी नजर से बचाने वाला नजर-बट्टू (Evil Eye) इमोजी लगाया है.

सेलेब्स और फैंस लुटा रहे हैं प्यार
जैसे ही दीपिका का यह पोस्ट सामने आया, बॉलीवुड सेलेब्स और फैंस ने कमेंट बॉक्स में बधाइयों की बौछार कर दी. अभिनेत्री कृति सेनन ने लिखा, “अरे वाह, आप दोनों को बहुत-बहुत बधाई! दुआ को छोटी बहन मिल गई है, इससे बड़ा आशीर्वाद और क्या हो सकता है.” वहीं, मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल और एक्ट्रेस कृति खरबंदा ने भी दिल वाले इमोजी के साथ कपल को बधाई दी. फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता ने प्यार जताते हुए कहा, “दो बेटियां, और क्या ही चाहिए जिंदगी में!” इनके अलावा इंडस्ट्री के तमाम बड़े कलाकारों ने नए मेहमान का स्वागत किया है.
इसी महीने की शुरुआत में रणवीर और दीपिका ने अपनी पहली बेटी दुआ के साथ कुछ बेहद खूबसूरत ब्लैक-एंड-व्हाइट फैमिली तस्वीरें शेयर की थीं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था, “बेबी दुआ और हमारे दिल बड़े हो रहे हैं.” इस कपल ने इसी साल अप्रैल में घोषणा की थी कि वे दूसरी बार पैरेंट्स बनने वाले हैं. उन्होंने एक अनोखे जॉइंट पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी दी थी, जिसमें दुआ एक प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े नजर आई थी जिस पर पॉजिटिव रिजल्ट था.
रणवीर और दीपिका की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों ने नवंबर 2018 में इटली के बेहद खूबसूरत लेक कोमो में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे. इसके बाद, 8 सितंबर 2024 को उन्होंने अपनी पहली बेटी ‘दुआ’ का स्वागत किया था.
ये भी पढ़ें- ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान जारी, 43वें दिन भी कमाई देख उड़ जाएंगे होश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



