एक तरफ काले बादलों के साथ तेज बारिश और दूसरी तरफ धूप का दृश्य, PC-@ChatGPT
Aaj ka Weather Update: देश में मॉनसून की विदाई का वक्त जैसे-जैसे करीब आ रहा है, मौसम पूरी तरह से फिरकी लेता नजर आ रहा है. एक तरफ जहां पहाड़ों पर लगातार तीसरे दिन हुई पहली बर्फबारी ने ठंड की दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी तरफ अंडमान सागर और ओडिशा-आंध्र तट पर बने ‘डीप डिप्रेशन’ की वजह से मैदानी और तटीय इलाकों में भारी बारिश का बवंडर उठने वाला है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों में मूसलाधार बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. मौसम का यह दोहरा रूप आम जनता को चौंका रहा है-कहीं उमस भरी गर्मी तो कहीं आसमान से गिरती बर्फ और पानी का तांडव!
आंध्र तट पर मंडराया ‘डीप डिप्रेशन’ का खतरा(Odisha & Andhra Pradesh Weather)
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का एक बेहद मजबूत सिस्टम एक्टिव हो चुका है. इसके असर से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में ‘डीप डिप्रेशन’ (Deep Depression) बन रहा है. यह एक ऐसा खतरनाक मौसमी सिस्टम होता है जो किसी चक्रवाती तूफान के आने से पहले का माहौल तैयार कर देता है.
इसके चलते ओडिशा के बालासोर, जगतसिंहपुर, कटक, जाजपुर, भद्रक, पुरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का रेड-येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है.
पहाड़ों पर बर्फबारी का गदर(Weather Update Today)
पहाड़ी राज्यों का रुख करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार तीसरे दिन सीजन की पहली बर्फबारी जारी है. केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ, मनाली और कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है. इस बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे अचानक ठंड बढ़ गई है.
मौसम विभाग का आंकलन है कि पहाड़ों पर गिर रही इस बर्फ का असर अगले कुछ ही दिनों में दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे मैदानी राज्यों में रात की गुलाबी ठंड के रूप में दिखना शुरू हो जाएगा.
यूपी के 15 और बिहार के 12 जिलों में बारिश का तांडव
उत्तर भारत के दो बड़े राज्यों-यूपी और बिहार में मॉनसून जाते-जाते जमकर बरस रहा है.
उत्तर प्रदेश: लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, उन्नाव, बस्ती और जौनपुर समेत 15 जिलों में तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार पानी गिरने का अलर्ट है. गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई है.
बिहार: पटना, भागलपुर, पूर्णिया और छपरा समेत 12 जिलों में बदरा जमकर मेहरबान हैं.
इनके अलावा महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में भी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बारिश को तरसी दिल्ली(September Monsoon Update)
जहां आधे देश में झमाझम पानी गिर रहा है, वहीं देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर के लोग बारिश की एक-एक बूंद को तरस गए हैं. दिल्ली में पिछले 10 दिनों से सूखा पड़ा हुआ है. हालांकि मौसम का सिस्टम तो बन रहा है, लेकिन बादल बिना बरसे ही निकल जा रहे हैं. तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के कारण दिल्लीवाले उमस भरी पसीने छुड़ाने वाली गर्मी से बेहाल हैं. हालांकि, IMD का दावा है कि आने वाले 48 घंटों में दिल्ली के मौसम में भी हल्का फेरबदल देखने को मिल सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
