Bharat Express DD Free Dish

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आधी रात आग और धुएं का गुबार, टली बड़ी तबाही; बाल-बाल बचे यात्री

कटड़ा स्थित वैष्णो देवी हैलीपैड टर्मिनल में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया, दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया. घटना के वक्त टर्मिनल में यात्रियों की संख्या कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. आग की वजह की जांच जारी है.

Vaishno Devi

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के कटड़ा हैलीपैड टर्मिनल में आधी रात लगी आग

रिपोर्ट- रवि शर्मा/जम्मू 


Vaishno Devi Helipad Fire: प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के सबसे महत्वपूर्ण केंद्र कटड़ा स्थित हैलीपैड टर्मिनल में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. टर्मिनल भवन से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

गनीमत यह रही कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. इस त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

श्रद्धालुओं की जांच और चेकिंग का मुख्य अड्डा

कटड़ा का यह हैलीपैड टर्मिनल माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले हेलीकॉप्टर यात्रियों के लिए रीढ़ की हड्डी माना जाता है. यहीं पर हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग, यात्रियों का रजिस्ट्रेशन और गहन सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की जाती है.

चेकिंग क्लियर होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे मुख्य टर्मिनल परिसर और हैलीपैड की तरफ भेजा जाता है. देर रात इसी अति-संवेदनशील और मुख्य चेकिंग हॉल में अचानक आग की लपटें दिखाई देने से हड़कंप मच गया.

दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई(Vaishno Devi Helipad Fire)

जैसे ही हैलीपैड परिसर में आग की खबर फैली, दमकल विभाग को तुरंत अलर्ट किया गया. सूचना मिलते ही फायर टेंडर और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत अग्निशमन अभियान (Firefighting Operation) शुरू किया. दमकल कर्मियों ने बेहद सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आग को चारों तरफ से घेरकर काबू किया. अगर आग पर काबू पाने में थोड़ी भी देरी होती, तो लपटें पूरे हैलीपैड कॉम्प्लेक्स और आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले सकती थीं.

‘अगर दिन में होता हादसा तो मची तबाही’

राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि यह खौफनाक घटना देर रात के समय हुई. इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही न के बराबर थी और टर्मिनल लगभग खाली था. स्थानीय लोगों और प्रशासन का मानना है कि यदि यही आग दिन के व्यस्त समय में लगी होती-जब सैकड़ों यात्री लाइन में खड़े होकर टिकट और चेकिंग का इंतजार कर रहे होते-तो मची भगदड़ और धुएं के कारण स्थिति बेहद भयावह और बेकाबू हो सकती थी.

यह भी पढ़ें: पटना में बैठकर US-UK में साइबर ठगी! टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ऐंठ रहे थे डॉलर, चार आरोपी गिरफ्तार

शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी?

फिलहाल हैलीपैड टर्मिनल में आग लगने की असली वजह (Vaishno Devi Helipad Fire) साफ नहीं हो पाई है. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी इलेक्ट्रिक डिवाइस में आई तकनीकी खराबी के कारण लगी होगी. संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. टर्मिनल में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और बिजली के तारों की जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read