Indian Railways Mobile Phone Rules
Indian Railways Mobile Phone Rules: अगर आप ट्रेन में सफर के दौरान तेज आवाज में फोन पर बात करते हैं या मोबाइल पर गाने और वीडियो चलाते हैं, तो अब सावधान हो जाइए. भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और शांति बनाए रखने के लिए फोन के इस्तेमाल को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. नए निर्देशों के मुताबिक, ट्रेन में तेज आवाज में बात करने, स्पीकर पर फोन चलाने और तेज आवाज में म्यूजिक सुनने से दूसरे यात्रियों को परेशानी होती है तो संबंधित यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. इस नियम को लेकर ईस्टर्न रेलवे ने अपने अधीन आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों को निर्देश जारी किए हैं.
ट्रेन में फोन पर तेज आवाज में बात करने पर रोक
रेलवे के नए निर्देशों का मुख्य उद्देश्य ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को आरामदायक माहौल देना है. अक्सर देखा जाता है कि कुछ यात्री मोबाइल फोन को स्पीकर मोड पर रखकर बात करते हैं, जबकि कई लोग तेज आवाज में गाने या वीडियो चलाते रहते हैं. इससे आसपास बैठे यात्रियों को परेशानी होती है. खासकर एसी कोच में ऐसी गतिविधियों से दूसरे यात्रियों की नींद और आराम प्रभावित होता है. बंद दरवाजों और खिड़कियों के कारण आवाज पूरे कोच में गूंजती है. इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से फोन का इस्तेमाल करते समय आवाज कम रखने की अपील की है. नए निर्देशों के अनुसार यात्रियों को फोन पर ऊंची आवाज में बात करने, स्पीकर मोड का इस्तेमाल करने और तेज आवाज में म्यूजिक या वीडियो चलाने से बचना होगा. मोबाइल की रिंगटोन भी धीमी रखने की सलाह दी गई है.
नियम तोड़ने पर 6 महीने की जेल और 1,000 रुपये जुर्माना
रेलवे के निर्देशों के मुताबिक, अगर किसी यात्री की तेज आवाज या शोर-शराबे से दूसरे यात्रियों को परेशानी होती है और इसकी शिकायत की जाती है, तो रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 145 के तहत कार्रवाई हो सकती है. इस प्रावधान के तहत दोषी पाए जाने पर यात्री को 1,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल की सजा हो सकती है. मामले की गंभीरता के आधार पर दोनों सजाएं भी दी जा सकती हैं. ऐसे मामलों में टिकट चेकिंग स्टाफ (TTE) या उससे ऊपर के रैंक के अधिकृत रेल अधिकारियों को कार्रवाई करने का अधिकार होगा. हालांकि, कानूनी कार्रवाई शिकायत और मामले के तथ्यों के आधार पर की जाएगी.
रेलवे स्टेशन और कोच में लगाए जाएंगे नोटिस-स्टिकर
ईस्टर्न रेलवे इस नियम को लेकर यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाएगा. इसके तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में घोषणाएं की जाएंगी. इसके अलावा कोच और रेलवे परिसरों में ‘नो नॉइज’ से जुड़े नोटिस और स्टिकर भी लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को सफर के दौरान शोर न करने की जानकारी मिल सके.
ट्रेन में मोबाइल इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा के दौरान कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें:
- फोन पर बात करते समय आवाज धीमी रखें.
स्पीकर मोड पर बातचीत करने से बचें.
गाने और वीडियो सुनने के लिए ईयरफोन का इस्तेमाल करें.
मोबाइल को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखें.
रिंगटोन और वीडियो की आवाज कम रखें.
देर रात दूसरे यात्रियों की नींद का विशेष ध्यान रखें.
कुल मिलाकर रेलवे का मकसद यात्रियों को शोर-शराबे से मुक्त और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है. ऐसे में अगली बार ट्रेन में सफर करते समय मोबाइल का इस्तेमाल सावधानी से करें, ताकि आपकी वजह से किसी दूसरे यात्री को परेशानी न हो.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




