Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

मुंबई के पार्क में कपल पर नाबालिगों का हमला, लड़की के सिर पर डंडे से वार; किरीट सोमैया ने उठाया मामला

Mumbai Crime News: मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन पार्क में घूमने गए युवक,युवती के साथ 8 से 10 नाबालिग लड़कों ने कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जबकि बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने घटना को लेकर सांप्रदायिक आरोप लगाए हैं.

Mumbai Couple Assault Case

Mumbai Couple Assault Case

Mumbai Couple Assault Case: मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में एक युवक और युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है. फीनिक्स मार्केटसिटी मॉल के पास स्थित प्रमोद महाजन उद्यान में घूमने गए कपल को 8 से 10 नाबालिग लड़कों के समूह ने कथित तौर पर घेर लिया और उनके साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मामले में घाटकोपर पुलिस स्टेशन में आठ नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. वहीं, पांच नाबालिगों के अभिभावकों को भी नोटिस जारी किया गया है. बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

फोटो खींच रहे कपल पर शुरू की कमेंटबाजी

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक और युवती प्रमोद महाजन उद्यान में घूमने गए थे. दोनों पार्क में फोटो खींच रहे थे, तभी वहां मौजूद 8 से 10 लड़कों के समूह ने कथित तौर पर उन पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं. कपल ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि लड़कों ने दोनों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लड़के युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. एक लड़का चप्पल जैसी वस्तु से युवक को मारता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे लड़के के हाथ में लकड़ी या डंडे जैसी चीज दिखाई देती है, जिससे वह युवती के सिर पर वार करता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.

किरीट सोमैया ने लगाया सांप्रदायिक एंगल

इस मामले में बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना को सांप्रदायिक रंग देते हुए इसे ‘मुस्लिम’ गुंडागर्दी बताया है. उन्होंने दावा किया कि घाटकोपर के फीनिक्स मॉल के पास मुस्लिम कट्टरपंथियों ने हिंदू युवाओं पर हमला किया. सोमैया ने अपनी पोस्ट में बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत आठ नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. उन्होंने यह भी बताया कि पांच बच्चों के माता-पिता को नोटिस जारी किए गए हैं. बीजेपी नेता ने ऐलान किया कि वह दोपहर 4 बजे घटनास्थल का दौरा करेंगे. हालांकि, घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है. सोमैया की ओर से लगाए गए सांप्रदायिक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.

जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश होंगे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आठ नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. पांच नाबालिगों के अभिभावकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं. सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के सामने पेश किया जाएगा, जहां कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. मुंबई के व्यस्त इलाके में सार्वजनिक पार्क के भीतर हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती बदसलूकी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism