इमरान खान की तीनों बहनें गिरफ्तार
Imran Khan Sisters Arrest: पाकिस्तान की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीनों बहनों को सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया है. लाहौर पुलिस ने पहले अलीमा खान को गिरफ्तार किया था और उसके बाद डॉ. उजमा खान और नौरीन नियाज़ी को भी पकड़ लिया गया. यह कार्रवाई 27 सितंबर को होने वाले PTI के देशव्यापी प्रदर्शन से पहले की गई है.
PTI प्रवक्ता ने क्या कहा?
PTI प्रवक्ता शेख वकास अकरम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इमरान की बहनों को बख्तरबंद गाड़ी में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को भी हिरासत में लिया गया है.
इमरान खान के बेटे ने क्या कहा?
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने कहा कि पुलिस ने उनकी बुआ और कजिन्स के घरों में जबरन घुसकर उन्हें वाहनों में बैठाया. उन्होंने बताया कि अधिकारी बेडरूम तक घुस आए और परिवार के लोगों को जबरन ले गए.
200 से ज्यादा पुलिस का छापा
एक स्थानीय पत्रकार ने लिखा कि 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने लाहौर में इमरान की बहनों के घरों पर छापा मारा. डॉ. उजमा खान उस समय बिस्तर पर थीं और पुलिस ने बेडरूम का दरवाज़ा तोड़ दिया. स्टाफ़ को भी बाहर खींचकर ले जाया गया और धमकी दी गई कि अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
30 दिन की हिरासत में रहेंगी तीनों बहनें
लाहौर के डिप्टी कमिश्नर ने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने वाले कानून के तहत आदेश जारी किया है कि अलीमा, उजमा और नौरीन को 30 दिनों तक हिरासत में रखा जाएगा. उन्हें कोट लखपत जेल भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि ये महिलाएं सार्वजनिक शांति के लिए खतरा हैं, जबकि उनका कोई राजनीतिक रोल नहीं है.
क्यों किया गया गिरफ्तार?
यह गिरफ्तारी उस समय हुई है जब PTI ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद में बड़ा मार्च निकालने का ऐलान किया है. सरकार ने इसे रोकने के लिए हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात करने का फैसला किया है. इमरान के भांजे शेरशाह खान ने भी लिखा कि उनका घर घेर लिया गया है और गली को सील कर दिया गया है.
‘हिटलर जैसी क्रूरता’
इमरान खान के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ शहबाज गिल ने इन गिरफ्तारियों को ‘हिटलर जैसी क्रूरता’ बताया. उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और मानवाधिकारों का उल्लंघन है और दुनिया को इस पर आवाज़ उठानी चाहिए.
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया
पाकिस्तानी पत्रकार और कार्यकर्ता मरियम नवाज़ खान ने कहा कि महिलाओं को गिरफ्तार करने से सरकार क्या हासिल करना चाहती है. यह कदम अन्यायपूर्ण है और इससे जनता में गुस्सा और नफ़रत ही बढ़ेगी.
क्या है इमरान खान की स्थिति?
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पिछले तीन साल से जेल में बंद हैं. उनकी रिहाई के लिए उनकी बहनों ने लगातार अभियान चलाया है. अब उनकी गिरफ्तारी ने पाकिस्तान की राजनीति में नया तूफ़ान खड़ा कर दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


