Mumbai Book Festival 2026: मुंबई में किताबों और साहित्य से जुड़ा एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है. मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना कैंपस में 24 से 29 नवंबर 2026 तक मुंबई पुस्तक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम रोजाना सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा. महोत्सव के दूसरे दिन यानी 29 नवंबर को माननीय CMD उपेंद्र राय भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
600 से ज्यादा बुक स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र
इस पुस्तक महोत्सव में पाठकों के लिए 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे. इसके अलावा 200 से ज्यादा साहित्यिक सत्र, 20 से अधिक बाल गतिविधियां और 95 से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. यहां साहित्य, कला, संस्कृति और शिक्षा से जुड़े अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी. बच्चों से लेकर युवाओं और वरिष्ठ पाठकों तक के लिए इस आयोजन में कई खास गतिविधियां रखी गई हैं.

24 नवंबर को होगा उद्घाटन समारोह
महोत्सव का उद्घाटन 24 नवंबर को शाम 4:30 बजे किया जाएगा. इसके बाद रोजाना शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. इनमें संगीत, नाटक और साहित्य से जुड़े कार्यक्रम शामिल रहेंगे. आयोजन में कई जाने-माने लेखक, साहित्यकार और सांस्कृतिक हस्तियां भी हिस्सा लेंगी.
बच्चों और युवाओं के लिए भी खास आयोजन
महोत्सव में बाल साहित्य और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए विशेष गतिविधियां रखी गई हैं. पुस्तक प्रदर्शनी में वंदे मातरम् के 150 वर्ष और ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती से जुड़ी विशेष थीम भी देखने को मिलेगी.
कहां पहुंचना होगा?
मुंबई पुस्तक महोत्सव का आयोजन मुंबई विश्वविद्यालय, कलिना कैंपस, गेट नंबर-2 में होगा. कार्यक्रम से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए [www.mumbaibookfestival.com](http://www.mumbaibookfestival.com) पर जा सकते हैं. इसके अलावा 9820700888 पर संपर्क किया जा सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



