बिहार विधान परिषद चुनाव
Bihar MLC Election 2026: बिहार के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की आठ महत्वपूर्ण सीटों (स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) पर होने वाले द्विवार्षिक चुनावों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. इन सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी, जबकि मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा. इस घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के बीच जोड़-तोड़ और बैठकों का दौर शुरू हो गया है.
चुनाव का पूरा शेड्यूल (Bihar MLC Election Schedule)
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक पूरी चुनावी प्रक्रिया इस प्रकार संपन्न होगी. इन सभी आठ सीटों के वर्तमान विधान पार्षदों (MLCs) का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिससे पहले यह पूरी संवैधानिक प्रक्रिया पूरी की जानी है.
- अधिसूचना जारी और नामांकन शुरू: 29 सितंबर 2026
- नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर 2026
- नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच): 7 अक्टूबर 2026
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर 2026
- मतदान की तिथि: 23 अक्टूबर 2026 (सुबह 8:00 से शाम 4:00 बजे तक)
- मतगणना: 27 अक्टूबर 2026
- चुनाव प्रक्रिया समाप्ति: 31 अक्टूबर 2026 तक
किस सीट पर कौन? (Bihar MLC Election Candidates)
इस बार जिन 8 सीटों पर चुनाव होने जा रहा है, उनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. इन सभी मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को पूरा हो रहा है, जिसके चलते यह सीटें रिक्त हो रही हैं.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: पटना (नीरज कुमार), दरभंगा (सर्वेश कुमार), तिरहुत (वंशीधर व्रजवासी) और कोसी (डॉ. एनके यादव).
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: पटना (नवल किशोर यादव), दरभंगा (डॉ. मदन मोहन झा), तिरहुत (संजय कुमार सिंह) और सारण (आफाक अहमद).
PK ने घोषित किए नाम (Prashant Kishor Bihar MLC Election)
चुनाव तारीखों के ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है. प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ ने अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए पहले ही पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है.
- दिव्या ज्योति- पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- एसपी राय- दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- अफाक अहमद- सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- रविंद्र यादव- दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- रजनीश रंजन- कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की घोषणा कर दी है. इसके अलावा, पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के चलते मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है. चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



