Bharat Express DD Free Dish

यूपी: क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख उजागर, 4 दिसंबर को लखनऊ के होटल में होगी शादी

भारतीय क्रिकेट के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश की राजनीति में युवा चेहरे के रूप में उभरीं समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है.

भारतीय क्रिकेट के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश की राजनीति में युवा चेहरे के रूप में उभरीं समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है. खेल और सियासत की यह बहुचर्चित जोड़ी इसी साल 4 दिसंबर को परिणय सूत्र में बंधेगी. दोनों का वैवाहिक समारोह राजधानी लखनऊ के होटल रमाडा में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट और राजनीतिक जगत की कई दिग्गज हस्तियों के जुटने की संभावना है.

क्रिकेट और राजनीति की चर्चित जोड़ी

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के एक सामान्य परिवार से निकलकर भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खास मुकाम बनाने वाले रिंकू सिंह युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. वहीं, प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के दिग्गज सपा नेता और पूर्व विधायक तूफानी सरोज की सुपुत्री हैं. प्रिया ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर की मछलीशहर (सुरक्षित) सीट से शानदार जीत हासिल कर देश की सबसे युवा सांसदों में अपनी जगह बनाई थी.

लखनऊ के होटल रमाडा में सजेगी महफिल

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं. 4 दिसंबर को होने वाले मुख्य शादी समारोह के लिए लखनऊ के होटल रमाडा को वेन्यू के तौर पर चुना गया है. विवाह के दौरान पारंपरिक रस्मों के साथ-साथ संगीत, हल्दी और मेंहदी के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

इस हाई-प्रोफाइल शादी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारियों, टीम इंडिया के साथी क्रिकेटरों, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के खिलाड़ियों के अलावा समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई बड़े राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है. दोनों परिवारों के बीच इस मांगलिक कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है.

ये भी पढ़ें: चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति मामला: सुप्रीम कोर्ट में विभाजित फैसला, मामला बड़ी बेंच को भेजने के निर्देश

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read