Bharat Express DD Free Dish

Google पर क्यों ट्रेंड हुआ ‘गैस’? 600 रुपये सस्ते मिल रहे कॉमर्शियल सिलेंडर! क्या है पूरा मामला?

Commercial LPG Cylinder Discount: गूगल ट्रेंड्स में ‘गैस’ सर्च क्यों ट्रेंड कर रहा है? क्यों कई जगहों पर कॉमर्शियल LPG सिलेंडर 600 रुपये तक सस्ते में बेचे जा रहे हैं?

600 रुपये सस्ते मिल रहे कमर्शियल पिकअप?

600 रुपये सस्ते मिल रहे कॉमर्शियल सिलेंडर?

Commercial LPG Cylinder Discount: इंटरनेट पर हर दिन कोई न कोई टॉपिक ट्रेंड करता है और इस बुधवार भी कुछ ऐसा ही हुआ. इस दिन NSE लिस्टिंग और नेशनल लीग जैसे टॉपिक्स के बीच एक नाम ‘गैस’ भी काफी ज्यादा सर्च किया गया. गूगल ट्रेंड्स में गैस का आना थोड़ा चौंकाने वाला था क्योंकि ना तो गैस के दामों में कोई कटौती हुई थी और ना ही सरकार ने इससे जुड़ा कोई नया नियम जारी किया था. फिर सवाल उठा कि आखिर लोग गैस के बारे में इतना सर्च क्यों कर रहे हैं? जब इसकी पड़ताल की गई तो पता चला कि कई इलाकों में सिलेंडर सस्ते दाम पर बेचे जा रहे हैं और इसी वजह से लोग गूगल पर इसके बारे में जानकारी ढूंढ रहे थे. अब बड़ा सवाल यह है कि ये सस्ते सिलेंडर क्यों मिल रहे हैं और इसके पीछे की असली वजह क्या है?

गूगल ट्रेंड्स में गैस सर्च का पूरा मामला क्या है?

सबसे पहले समझते हैं कि गूगल पर गैस सर्च का ये मामला है क्या? 23 सितंबर को गूगल ट्रेंड्स में गैस शब्द तेजी से सर्च किया जा रहा था. हजारों यूजर्स इसे सर्च कर रहे थे और इसके साथ इससे जुड़ी कई खबरें भी दिखाई दे रही थीं. ट्रेंडिंग लिस्ट में गैस का नाम आते ही लोगों के मन में यही सवाल आया कि क्या दाम घट गए हैं? नीचे दी गई फोटो में आप देख सकते हैं कि किस तरह से गैस कीवर्ड सर्च में ऊपर आया हुआ था और लोग लगातार इसके बारे में जानकारी ले रहे थे.

400 से 600 रुपये सस्ते सिलेंडर का दावा कहां से आया?

अब आते हैं असली मुद्दे पर कि ये सस्ते सिलेंडर वाला चक्कर क्या है? दरअसल सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हुईं जिनमें कहा गया कि सिलेंडर 400 से 600 रुपये तक सस्ता मिल रहा है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में भी यही दावा किया गया. इन रिपोर्ट्स में बताया गया कि कुछ जगहों पर कॉमर्शियल सिलेंडरों को 600 रुपये तक कम कीमत में बेचा जा रहा है. लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि सरकारी तौर पर तो दामों में कोई कमी नहीं हुई है फिर ये कॉमर्शियल सिलेंडर इतने सस्ते में क्यों बेचे जा रहे हैं?

गैस एजेंसी मालिक ने बताई सस्ते में बेचने की असली वजह

इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमने एक गैस एजेंसी के मालिक से बात की. हमने उनसे पूछा कि आखिर कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ते दाम पर क्यों बिक रहे हैं. उन्होंने बताया कि जब भी एजेंसी पर सिलेंडरों से भरी गाड़ी आती है तो उसमें घरेलू सिलेंडरों के साथ कुछ कॉमर्शियल सिलेंडर भी आते हैं. कई बार एक गाड़ी में 14 तो कई बार इससे भी ज्यादा कॉमर्शियल सिलेंडर आ जाते हैं. अब होता ये है कि जिन एजेंसियों पर कॉमर्शियल सिलेंडर की ज्यादा डिमांड नहीं है, वहां ये सिलेंडर बिना बिके पड़े रह जाते हैं.

डिमांड नहीं होने पर डिस्काउंट में क्यों निकाल देते हैं?

एजेंसी मालिक ने आगे बताया कि इस स्थिति में कई एजेंसी वाले थोड़ा डिस्काउंट देकर कॉमर्शियल सिलेंडर बेच देते हैं. उन्होंने कहा कि हमारे यहां तो इसकी खपत है इसलिए हमें ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ती, हम तो बल्कि अलग से ऑर्डर करके मंगवाते हैं. लेकिन जिन जगहों पर कॉमर्शियल की बिक्री नहीं होती है, वहां ये एक समस्या बन जाता है. ऐसे में सस्ते में बेचना एक वजह हो सकती है. वैसे भी कॉमर्शियल सिलेंडर में कमाई ज्यादा होती है तो थोड़ा डिस्काउंट देना कोई बड़ी बात नहीं लगती.

खाली सिलेंडर वापस भेजने की मजबूरी बनती है बड़ी वजह

अब सवाल ये है कि सस्ते में बेचने की ऐसी क्या मजबूरी है. तो इसका जवाब भी एजेंसी मालिक ने दिया. उन्होंने बताया कि जब गाड़ी में कॉमर्शियल सिलेंडर आ जाते हैं और वो बिकते नहीं हैं तो उन्हें सस्ते में इसलिए बेचना पड़ता है क्योंकि कंपनी को वापस भेजने के लिए उतने ही खाली सिलेंडर चाहिए होते हैं. मान लीजिए किसी गाड़ी में 100 घरेलू और 15 कॉमर्शियल सिलेंडर आए हैं तो वापस भेजने के लिए 115 खाली सिलेंडर देने होंगे. इसलिए खाली सिलेंडर का कोटा पूरा करने के लिए एजेंसी वाले सस्ते में भी सिलेंडर निकाल देते हैं.

ये भी पढ़ें-क्या जेल जाएंगे CEC ज्ञानेश कुमार? जानिए विपक्ष की गिरफ्तारी मांग पर क्या कहता है कानून

कंपनी भी चाहती है कॉमर्शियल सिलेंडर की बिक्री बढ़े

साथ ही उन्होंने बताया कि कंपनी भी चाहती है कि कॉमर्शियल सिलेंडर ज्यादा बिकें, इसलिए गाड़ी में जानबूझकर कुछ सिलेंडर भेज दिए जाते हैं. हालांकि आप चाहें तो सिर्फ घरेलू सिलेंडर वाली गाड़ी भी मंगा सकते हैं जिसमें कॉमर्शियल नहीं होते. कंपनी कॉमर्शियल बेचने के लिए जोर देती है क्योंकि इसमें मुनाफा भी ज्यादा है. एक सिलेंडर पर 100 से 120 रुपये तक की कमाई हो जाती है, इसलिए थोड़ा डिस्काउंट देकर भी बेच दिया जाए तो कोई नुकसान नहीं होता.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read