Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान तो धोखेबाज निकला! अपने ही दोस्त को दगा देने की कोशिश में, तालिबान ने लगाई लताड़

Pakistan Makkah Defence Pact Violation: तालिबान प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह अफगानिस्तान पर हमले कर मक्का रक्षा समझौते से बचना चाहता है.

Pakistan turned out to be treacherous!

पाकिस्तान तो धोखेबाज निकला!

Pakistan Makkah Defence Pact Violation: सऊदी अरब पर यमन के हूती विद्रोही लगातार मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहे हैं. ऐसे हालात में सबकी नजर पाकिस्तान पर टिकी है क्योंकि उसने सऊदी के साथ एक बड़ा डिफेंस समझौता कर रखा है. लेकिन पाकिस्तान की सेना अभी तक सऊदी की मदद के लिए सामने नहीं आई है. इसी वजह से मक्का पैक्ट पर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं. क्या पाकिस्तान अपने वादे से पीछे हट रहा है?

तालिबान प्रवक्ता ने पाकिस्तान पर फोड़ा ठीकरा

इसी बीच अफगान तालिबान की तरफ से एक बड़ा बयान आया है जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर सीधा निशाना साधा है. उनका कहना है कि पाकिस्तान जानबूझ कर अफगानिस्तान के ऊपर बमबारी कर रहा है. इसके पीछे वजह सिर्फ एक है कि उसे सऊदी अरब की जंग में न जाना पड़े. मुजाहिद का आरोप है कि इस्लामाबाद चालबाजी कर रहा है.

क्या है मक्का संयुक्त रक्षा समझौता?

पहले इस समझौते को समझ लेते हैं. 7 अगस्त 2026 को सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने मक्का में बैठकर एक डील साइन की थी. नाम रखा गया था मक्का संयुक्त रक्षा समझौता. इसमें तय हुआ था कि अगर इन तीनों में से किसी एक देश पर भी हमला होता है तो उसे तीनों पर हमला माना जाएगा और तीनों मिलकर जवाब देंगे. साथ ही रक्षा के क्षेत्र में एक दूसरे की मदद भी करेंगे. अब जब सऊदी पर हूती हमले हो रहे हैं तो पाकिस्तान पर इस समझौते को निभाने का दबाव है, लेकिन तालिबान कह रहा है कि पाकिस्तान इससे बचना चाहता है.

कंधार की सभा में मुजाहिद ने क्या कहा?

गुरुवार को कंधार में एक धार्मिक मदरसे के कार्यक्रम में जबीहुल्लाह मुजाहिद ने खुलकर पाकिस्तान को घेरा. उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद ने जानबूझ कर अफगानिस्तान के साथ जंग जैसे हालात बनाए हैं. उनका मकसद सिर्फ इतना है कि दुनिया को दिखा सके कि हम तो खुद अफगानिस्तान में फंसे हुए हैं, इसलिए सऊदी की मदद के लिए नहीं जा सकते.

पाकिस्तान पर खेल करने का आरोप

मुजाहिद ने आगे कहा कि पाकिस्तान एक सोचा समझा खेल खेल रहा है. वह बार-बार अफगान बॉर्डर पर हमले करके खुद को उलझा हुआ दिखा रहा है. इससे दो फायदे हैं, एक तो मक्का पैक्ट से बच जाएगा और दूसरा देश के अंदर जो महंगाई और सियासी संकट है उससे लोगों का ध्यान भटक जाएगा.

अफगानिस्तान में चार लोगों की मौत का दावा

ये बयान ऐसे वक्त में आया है जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई हिस्सों में हवाई हमले किए हैं. अफगान अधिकारियों का दावा है कि कंधार, पक्तिया और खोस्त में हुई बमबारी में चार आम नागरिक मारे गए हैं. गौर करने वाली बात है कि कंधार को तालिबान के सबसे बड़े नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा का गढ़ माना जाता है.

ये भी पढ़ें-UN में हुई पाकिस्तान की फजीहत, पत्रकार ने ऐसा क्या पूछा कि मुंह छुपाकर भागे पीएम शहबाज शरीफ?

पाकिस्तान ने 10 ठिकानों पर हमले की बात कबूली

दूसरी तरफ पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने माना है कि पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के अंदर 10 जगहों पर कार्रवाई की है. हालांकि उन्होंने सभी ठिकानों के नाम नहीं बताए. इस्लामाबाद का आरोप है कि अफगानिस्तान की जमीन से आतंकी संगठन पनप रहे हैं और पाकिस्तान पर ड्रोन हमले हो रहे हैं. इसलिए अपनी सुरक्षा के लिए ये हमले जरूरी थे. वहीं काबुल ने पाकिस्तान के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव और ज्यादा बढ़ गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read