मध्य प्रदेश के बालाघाट में कपड़ा व्यापारी को हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, बालाघाट में थोक कपड़ों का कारोबार करने वाले मनीष जैन की पहचान वारासिवनी की रहने वाली बबली से हुई थी. दुकान पर हुई मुलाकात के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और दोस्ती गहरी हो गई. कारोबार के सिलसिले में मनीष का वारासिवनी आना-जाना लगा रहता था. 24 अप्रैल 2012 को जब मनीष काम से वारासिवनी पहुंचे, तो दोपहर करीब तीन बजे बबली ने फोन कर लोकेशन पूछी. बताए गए पते पर पहुंचने पर बबली ने कहा कि घर में कोई नहीं है और वे अंदर आ जाएं.
दरवाजे पर धक्का देकर अंदर खींचा
मनीष के मुताबिक, जैसे ही वे दरवाजे तक पहुंचे, पीछे से किसी ने धक्का देकर उन्हें भीतर कर दिया. देखते ही देखते तीन-चार लोग कमरे में आ धमके और दो लोगों ने उन्हें दबोच लिया. आरोपियों ने कथित तौर पर उनके कपड़े उतरवाए, बिना कपड़ों की तस्वीरें खींचीं और रस्सी से बांध दिया.
आरोपी उन्हें बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले गए, जहां लकड़ी से मारपीट की गई और जेब में रखे पांच हजार रुपये निकाल लिए गए. व्यापारी ने 70 से 75 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने तीन लाख रुपये की मांग रखी.
70 हजार देने के बाद भी नहीं रुका ब्लैकमेल का खेल
व्यापारी का मोबाइल अपने पास रखकर दो आरोपी उन्हें बाइक से कायदी की तरफ ले गए और घर से पैसे लाने को कहा. बदनामी और पुलिस में जाने की धमकियों के बीच मनीष ने मकान बनवाने के लिए रखे पैसों में से 70 हजार रुपये निकालकर आरोपियों तक पहुंचा दिए.
लेकिन इसके बाद भी वसूली नहीं थमी. कुछ समय बाद फोन कर एसबीआई खाते में दो लाख रुपये जमा कराने की धमकी दी गई. लगातार ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मनीष ने बड़े भाई वीरेंद्र जैन को पूरी बात बताई और 4 मई 2012 को बालाघाट एसपी व कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई.
साजिश या संयोग? जांच में उलझे कई बड़े सवाल
इस मामले ने पुलिस के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर मनीष के वारासिवनी पहुंचने और बबली से मिलने की भनक आरोपियों को कैसे लगी? क्या वे पहले से घात लगाए बैठे थे, या फिर यह किसी संगठित ब्लैकमेलिंग रैकेट का हिस्सा था? साथ ही यह भी जांच का विषय है कि इस पूरे घटनाक्रम में बबली की भूमिका क्या थी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के बॉर्डर पर खत्म होगा टोल जाम! बिना रुके कटेगा FASTag से पैसा, जानिए कैसे काम करेगा MLFF सिस्टम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


