Ranchi Monkey Viral News
Ranchi Monkey Viral News: ‘शराब पीना सेहत के लिए हानिकारक है’… यह चेतावनी इंसानों को शराब से दूर रहने के लिए दी जाती है. लेकिन झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने शराब की दुकान के कर्मचारियों और आसपास के लोगों को हैरान कर दिया. यहां एक बंदरिया अचानक शराब की दुकान में पहुंच गई और कथित तौर पर शराब की एक पूरी क्वार्टर बोतल पीने के बाद वहीं बेसुध होकर सो गई. होश में आने के बाद उसने दुकान में जमकर उत्पात मचाया.
अचानक दुकान में पहुंची ‘मेहमान’
घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे ओरमांझी के ब्लॉक चौक स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की वाइन शॉप की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गर्भवती बंदरिया अचानक दुकान के काउंटर के अंदर घुस गई. दुकान में मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले बंदरिया ने शराब की बोतलों के बीच से‘मैजिक मोमेंट्स’ की एक क्वार्टर बोतल उठा ली. इसके बाद उसने कथित तौर पर बोतल की शराब पी ली. कुछ ही देर में नशे का असर उस पर दिखाई देने लगा और वह दुकान के फर्श पर बेसुध होकर लेट गई.
नशा उतरा तो शुरू हुआ ‘बवाल’
कुछ समय तक फर्श पर पड़ी रहने के बाद जब बंदरिया उठी तो मामला और दिलचस्प हो गया. नशे के असर में वह दुकान के अंदर इधर-उधर घूमने लगी और बोतलों को गिराकर उत्पात मचाने लगी. दुकान के कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालने और काबू करने की कोशिश की. लेकिन बंदरिया इस दौरान उग्र हो गई. आरोप है कि उसने एक कर्मचारी को काटकर घायल भी कर दिया. इसके बाद दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें: ‘मैं ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं, फिर भी लिखूंगा…’ नेशनल अवॉर्ड विनर संजय मिश्रा ला रहे अपनी आत्मकथा
पुलिस को दी गई सूचना, पहुंची रेस्क्यू टीम
स्थिति बिगड़ती देख दुकान के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने ओरमांझी थाना पुलिस को सूचना दी. साथ ही पास स्थित.भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान (बिरसा जू) की रेस्क्यू टीम को भी जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने सावधानी बरतते हुए बंदरिया को जाल की मदद से सुरक्षित पकड़ लिया. इसके बाद उसे बिरसा जैविक उद्यान ले जाया गया.
अब विशेषज्ञ कर रहे बंदरिया की देखभाल
रेस्क्यू के बाद बंदरिया की देखभाल और उपचार किया जा रहा है. उसके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है. इस पूरी घटना का किस्सा इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. बहरहाल, जिस शराब की दुकान में रोजाना इंसान ग्राहक बनकर पहुंचते थे, वहां एक दिन अचानक बंदरिया के पहुंचने और कथित तौर पर शराब पीने की घटना ने कर्मचारियों से लेकर स्थानीय लोगों तक को हैरान कर दिया. घटना का वीडियो और किस्सा अब लोगों के बीच खूब चर्चा में है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



