केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार (27 सितंबर) को गुजरात के साबरमती में 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न अत्याधुनिक रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे. इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में देश की पहली एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) चालित ट्रेन, स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ और 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार वैग-12 (WAG-12) लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड मुख्य रूप से शामिल हैं.
डीजल इंजन से चलेगी देश की पहली LNG ट्रेन
साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो में 1,400 हॉर्सपावर के दो ड्राइविंग पावर कार (DPC) को डीजल-प्लस-एलएनजी डुअल-फ्यूल सिस्टम में परिवर्तित किया गया है. 2,000 किलोमीटर के सफल फील्ड ट्रायल के बाद इसे पटरी पर उतारा जा रहा है. यह प्रणाली डीजल की खपत को लगभग 40 प्रतिशत तक कम करेगी. प्रत्येक डीपीसी में 2,200 लीटर (850-900 किग्रा एलएनजी) क्षमता का टैंक लगाया गया है, जो एक बार भरने पर 1,600 किमी तक चल सकता है. इससे प्रति डीपीसी सालाना लगभग 25 लाख रुपये की ईंधन बचत होगी और कॉर्बन उत्सर्जन में भारी कमी आएगी.
404 किमी में ‘कवच’ सुरक्षा और ऑटोमैटिक सिग्नलिंग
अहमदाबाद मंडल में ट्रेन संचालन को दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए 411 करोड़ रुपये की लागत से 404 किलोमीटर लंबे रेल नेटवर्क (अहमदाबाद-पालनपुर और अहमदाबाद-समाखियाली सेक्शन) पर ‘कवच’ प्रणाली का शिलान्यास व लोकार्पण होगा. यह प्रणाली ट्रेनों की आमने-सामने या पीछे से होने वाली टक्कर को रोकने में सक्षम है. इसके साथ ही, 118.83 करोड़ रुपये की लागत से साबरमती-कलोल-भांडू मोतिदाऊ और साबरमती-साणंद-जखवाड़ा रूट (122.57 किमी) पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (ABS) भी शुरू की जाएगी.
700 करोड़ का साबरमती लोको शेड और ट्रैक दोहरीकरण
भारी मालगाड़ियों को खींचने वाले 12,000 एचपी क्षमता के 300 वैग-12 इलेक्ट्रिक इंजनों के रख-रखाव के लिए साबरमती में 700 करोड़ रुपये का लोको शेड तैयार किया गया है. इसके अलावा, 313.27 करोड़ रुपये की लागत से 21 किलोमीटर लंबे साबरमती-सरखेज रेल लाइन दोहरीकरण का काम मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.
सरकार ने सी हैवी मोलासेस से उत्पादित इथेनॉल की कीमत बढ़ा कर की ₹57.97 प्रति लीटर
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





