Goldy Brar FBI Most Wanted: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मुख्य आरोपी और भारत का घोषित आतंकवादी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ अब अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की आंखों का सबसे बड़ा कांटा बन चुका है. अमेरिका ने भारतीय जरायम की दुनिया के इस कुख्यात गैंगस्टर को अपनी ऐतिहासिक ‘Top 10 Most Wanted’ लिस्ट में शामिल कर लिया है.
इतना ही नहीं, FBI ने गोल्डी बराड़ की गर्दन पर 1 मिलियन डॉलर यानि करीब 10 करोड़ रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित किया है. 1950 में शुरू हुई एफबीआई की इस खूंखार लिस्ट में शामिल होने वाला गोल्डी बराड़ 543वां क्रिमिनल बन गया है.
कैलिफोर्निया में छिपा है गोल्डी?(Goldy Brar FBI Most Wanted)
अमेरिकी एजेंसियों ने ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ (Operation Hardball) के तहत अंतरराष्ट्रीय भारतीय अपराध गिरोहों की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है. इस ऑपरेशन में 37 खतरनाक आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है. FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ इस वक्त अमेरिका के कैलिफोर्निया या कनाडा के हिस्सों में छिपा हो सकता है. एफबीआई ने साफ चेतावनी जारी की है कि गोल्डी बेहद हिंसक, स्वचालित हथियारों से लैस और अत्यंत खतरनाक है, इसलिए आम लोग उससे दूर रहें और केवल सूचना दें.
लॉरेंस गैंग का नॉर्थ अमेरिकन सरगना
FBI के लॉस एंजिल्स हेड पैट्रिक ग्रांडी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ अमेरिका और कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संगठित अपराधों को चला रहा था. उस पर अमेरिका में रैकेटियरिंग, वसूली, प्रतिबंधित नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी और अवैध हथियारों के सिंडिकेट चलाने जैसे संगीन संघीय आरोप दर्ज हैं. अमेरिकी अधिकारियों का तो यहां तक दावा है कि गोल्डी बराड़ ने 2023 में कनाडा में एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक शख्सियत की हत्या का ऑर्डर भी दिया था.
भारत को भी बरसों से है तलाश
भारत सरकार ने जनवरी 2024 में ही गोल्डी बराड़ को UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत ‘आतंकवादी’ घोषित कर दिया था. 2022 में मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े हुई हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गोल्डी पर भारत में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह भारत में जबरन वसूली का नेटवर्क चलाने, धमकियां देने और सीमा पार से हथियार व विस्फोटक सप्लाई करने का मास्टरमाइंड रहा है.
रोहित गोदारा के साथ मिलकर बना नया गैंग
रिपोर्ट के मुताबिक, कभी एक ही सिक्के के दो पहलू रहे गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई अब एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन चुके हैं. दोनों के बीच गैंग में फूट पड़ चुकी है और दोनों की राहें पूरी तरह जुदा हो गई हैं. गोल्डी बराड़ अब राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके नेटवर्क के साथ हाथ मिलाकर अपना अलग सिंडिकेट चला रहा है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की रातों की नींद उड़ा दी है.
ये भी पढ़ें- 100 रुपये की रिश्वत ने छीनी वर्दी, वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस
सूचना देने वाले को मिलेंगे 10 करोड़
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने साफ (Goldy Brar FBI Most Wanted) कर दिया है कि गोल्डी बराड़ को सलाखों के पीछे पहुंचाना उनकी टॉप प्रायोरिटी (सर्वोच्च प्राथमिकता) है. FBI ने जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास गोल्डी बराड़ की सटीक लोकेशन या जानकारी है, तो वह तुरंत लोकल लॉ एनफोर्समेंट या सीधे FBI को सूचित करे. जानकारी देने वाले को पूरे 10 करोड़ रुपये ($1M) दिए जाएंगे और उसकी पहचान को सौ फीसदी गुप्त रखा जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

