केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
Amit Shah Bhopal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा. वे गोपालक सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पशुपालकों और डेयरी सहकारी समितियों के सदस्यों से संवाद करेंगे. इसके अलावा डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं की शुरुआत, नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी और नारकोटिक्स से जुड़े मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी उनके कार्यक्रम में शामिल है.
अमित शाह सुबह 11 बजे दशहरा मैदान पहुंचेंगे, जहां वे नए आपराधिक कानूनों को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. इसके करीब आधे घंटे बाद, सुबह 11.30 बजे इसी मैदान में राज्य स्तरीय ‘गोपालक सम्मेलन’ आयोजित होगा. इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से 35 हजार से अधिक पशुपालक और डेयरी सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य हिस्सा लेंगे.
सम्मेलन के दौरान भोपाल और इंदौर मिल्क यूनियन से जुड़े पशुपालकों को बोनस दिया जाएगा. साथ ही गौशालाओं के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी. महिला पशुपालकों यानी ‘गोपालक दीदियों’ को भी सम्मानित किया जाएगा. उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत मंजूरी पत्र सौंपे जाएंगे.
डेयरी परियोजनाओं पर भी रहेगा फोकस
कार्यक्रम में अमित शाह उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि पूजन करेंगे. इसके साथ ही मिल्क प्लांट, डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट और क्वालिटी टेस्टिंग लैब जैसी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी होगा. भोपाल में प्रस्तावित फर्मेंटेड मिल्क प्रोडक्ट प्लांट भी इन योजनाओं में शामिल है. इसी कार्यक्रम के दौरान भोपाल वेस्टर्न बाईपास के शिलान्यास की प्रक्रिया भी होगी.
अमित शाह को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ और ‘बलराम कृषि महोत्सव’ के तहत प्रदेश में हुई गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी. गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग अपने-अपने कामों पर प्रस्तुति देंगे.
स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे अमित शाह
दोपहर 3 बजे अमित शाह केंद्रीय गृह मंत्रालय और मध्य प्रदेश सरकार के बीच लंबित मुद्दों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इसके बाद 3.45 बजे वे भोपाल के एक होटल में नारकोटिक्स पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे.
ये भी पढ़ें: सीएम नायब सैनी समेत हरियाणा बीजेपी के 48 विधायक पीएम मोदी से मिलेंगे, जानिए क्या है एजेंडा?
शाम 5 बजे शाह आईआईएसआईआर परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसी मौके पर विस्तारित कैंपस ‘अत्रि परिसर’ का भूमिपूजन भी किया जाएगा. इस तरह उनका भोपाल दौरा कृषि, डेयरी, कानून-व्यवस्था और विकास से जुड़े कई कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


