मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सिर्फ 20 रुपये के मोमोज की मात्रा को लेकर हुआ एक मामूली विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया. मोमोज की प्लेट में संख्या कम देखकर जब एक 18 साल के छात्र ने सवाल पूछा, तो ठेले वाले का पारा चढ़ गया.
बात कहासुनी से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गई और गुस्से में आकर दुकानदार ने कढ़ाई से खौलता हुआ तेल उठाकर छात्र के चेहरे पर फेंक दिया. इस हमले में छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जिम जाने के दौरान हुई चौंकाने वाली घटना
यह घटना ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित पुरानी रेशम मिल चौराहे की है. प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया रविवार शाम अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था. रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर लगे ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर रुक गए.
शिवा ने 20 रुपये के मोमोज खरीदे, लेकिन जब प्लेट सामने आई तो उसमें मोमोज की संख्या काफी कम थी. इस पर शिवा ने दुकानदार अंकित से सीधे पूछ लिया कि इतने कम मोमोज क्यों दिए हैं? बस इतनी सी बात पर दुकानदार भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा.
चेहरे पर उड़ेला खौलता तेल
छात्र शिवा ने जब अपशब्दों का विरोध किया, तो विवाद बढ़ता हुआ सड़क पर आ गया. आरोप है कि दुकानदार अंकित ने शिवा के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी. इसी बीच आपा खो चुके अंकित ने पास रखी कढ़ाई से खौलता हुआ तेल उठाया और शिवा के मुंह पर उड़ेल दिया. गर्म तेल पड़ते ही छात्र दर्द से चीखने लगा. घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर आरोपी ठेला संचालक अंकित के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौका-ए-वारदात से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन के दौरान पैरामिलिट्री जवान पर चाकू से हमला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





