AI IMAGE
Aligarh Triple Talaq Halala: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से रिश्ते और इंसानियत को तार-तार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां बन्नादेवी थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम महिला को उसके पति ने मामूली विवाद के बाद पहले ‘तीन तलाक’ दे दिया, फिर दोबारा साथ रखने के नाम पर अपने ही दो सगे भाइयों से जबरन हलाला कराया.
पीड़िता को कई दिनों तक घर में बंधक बनाकर शारीरिक व मानसिक यातनाएं दी गईं. मौका पाकर महिला द्वारा अपने भाई को व्हाट्सएप पर भेजे गए मदद के संदेश के बाद पुलिस ने उसे चंगुल से मुक्त कराया.
पहले तीन तलाक, फिर घर में बनाया बंधक
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि पति के साथ उसका एक बेहद मामूली बात पर विवाद हुआ था. इसी गुस्से में पति ने उसे तीन तलाक कह दिया. जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने दोबारा निकाह करने और साथ रखने के लिए हलाला की शर्त रखी. इसी बहाने पति और दोनों देवरों ने मिलकर उसकी मर्जी के खिलाफ दरिंदगी की और उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रख दिया.
व्हाट्सएप मैसेज ने बचाई जान
बंधक बनी पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने भाई के व्हाट्सएप पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी और अपनी लोकेशन भेजी. भाई की सूचना पर तत्काल हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को ससुराल वालों के कब्जे से सकुशल छुड़ाया.
मुक्त होने के बाद पीड़िता करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ एसपी सिटी दफ्तर पहुंची और लिखित शिकायत देकर अपने पति व दोनों देवरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़िता के बयानों, व्हाट्सएप मैसेजेस, परिजनों के दावों और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है. जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पत्नी से नाराज पति ने मायके के बाहर 3 स्कूटियों में लगाई आग, CCTV वीडियो हुआ वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





