पशुपालन और डेयरी से जुड़े किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार सहकारिता और नई तकनीक पर जोर दे रही है. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भोपाल के दशहरा मैदान में आयोजित गोपालक सम्मेलन को संबोधित किया. इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद-विधायक और बड़ी संख्या में पशुपालक और दूध उत्पादक मौजूद रहे.
बिचौलियों से छुटकारा दिलाएगी सहकारी व्यवस्था
कोऑपरेटिव सेक्टर की बात करते हुए केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि अलग सहकारिता मंत्रालय बनने से किसान, पशुपालक और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों को सीधा फायदा हो रहा है. उन्होंने कहा कि खुले बाजार में दूध बेचने वाले पशुपालकों को कई बार बिचौलियों की वजह से सही कीमत नहीं मिल पाती है. सहकारी व्यवस्था उन्हें बेहतर दाम दिलाने के साथ-साथ दूध से बनने वाले प्रोडक्ट्स की कमाई से भी जोड़ सकती है.
दूध से बनने वाले प्रोडक्ट के लिए प्रोसेसिंग जरूरी
उन्होंने कहा कि दूध से आइसक्रीम, मक्खन, घी, चीज और मावा जैसे प्रोडक्ट बनाने के लिए प्रोसेसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना बहुत जरूरी है. सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है ताकि पशुपालकों को दूध के साथ-साथ उसके प्रोडक्ट्स से भी कमाई हो सके.
नस्ल सुधार के लिए मध्य प्रदेश में मिलेगी 50 एकड़ जमीन
डेयरी उत्पादन बढ़ाने के लिए नस्ल सुधार को सबसे अहम बताते हुए शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश में गाय और भैंस की नस्ल सुधार से जुड़े कार्यक्रमों के लिए 50 एकड़ जमीन देने का आग्रह किया गया था, जिसे राज्य सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. उन्होंने आधुनिक नस्ल सुधार तकनीकों और सेक्स सॉर्टेड सीमेन के इस्तेमाल पर भी जोर दिया. उनका कहना था कि इससे बेहतर नस्ल तैयार होगी, पशुओं की सेहत सुधरेगी और दूध उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
‘देश में दूध उत्पादन 14.60 करोड़ टन से बढ़कर 24.80 करोड़ टन पहुंचा’
अमित शाह ने बताया कि साल 2014-15 में देश में करीब 14.60 करोड़ टन दूध का उत्पादन होता था, जो अब बढ़कर करीब 24.80 करोड़ टन हो गया है. इसी अवधि में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता भी करीब 307 ग्राम से बढ़कर 485 ग्राम प्रतिदिन हो गई है. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन चुका है. भारतीय डेयरी प्रोडक्ट्स का निर्यात भी बढ़कर करीब 4,666 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और इन्हें कई देशों में भेजा जा रहा है.
देशभर में खुलेंगी 75 हजार नई सहकारी डेयरियां
अमित शाह ने ‘श्वेत क्रांति 2.0’ का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में 75,000 नई सहकारी डेयरियां स्थापित करने और 46,000 मौजूदा डेयरियों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है. इसका फायदा मध्य प्रदेश के पशुपालकों को भी मिलने की उम्मीद है.
गोबर से भी होगी कमाई
उन्होंने गोबर से अतिरिक्त कमाई की संभावनाओं पर भी जोर दिया. वैज्ञानिक तरीके से गोबर के इस्तेमाल से स्वच्छ ऊर्जा बनाने, पोषक तत्वों की रिसाइक्लिंग करने और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने की बात कही गई.
डेयरी से महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
अमित शाह ने कहा कि सहकारी डेयरी महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का बड़ा जरिया बन सकती है. डेयरी से होने वाली कमाई सीधे महिलाओं के हाथ में पहुंचने से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी और महिला सशक्तिकरण भी मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में भी डेयरी सेक्टर की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है.
भोपाल और उज्जैन में डेयरी प्रोजेक्ट की शुरुआत
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम के दौरान उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रोजाना 3 लाख लीटर क्षमता के मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल शिलान्यास किया. भोपाल में करीब 16.5 करोड़ रुपये की लागत से बने 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और 12.42 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक राज्य स्तरीय सेंट्रल लेबोरेटरी का उद्घाटन भी उन्होंने किया. उन्होंने शिवपुरी के मिनी डेयरी प्लांट के 6.5 करोड़ रुपये की लागत से हुए सुदृढ़ीकरण कार्य का भी डिजिटल उद्घाटन किया.
कार्यक्रम में पशुपालकों को बोनस दिया गया, गौशालाओं को वित्तीय सहायता दी गई और डेयरी सहकारी समितियों के सदस्यों को लाभांश भी दिया गया. महिला पशुपालकों को ‘गोपालक दीदी’ के रूप में सम्मानित किया गया और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी बांटे गए. अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य सहकारिता और डेयरी सेक्टर को मजबूत करके मध्य प्रदेश के पशुपालकों, किसानों और महिलाओं की आमदनी बढ़ाना है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



