Bharat Express DD Free Dish

गुरुग्राम में 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’, गृह मंत्री अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

गुरुग्राम में 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित होगी, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में कई जिलों से लोग पहुंचेंगे.

Amit Shah To Attend Seva Jyoti Yatra In Gurugram On October 7

Gurugram Jyoti Yatra: देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को हरियाणा के गुरुग्राम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का एक भव्य कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है. इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.

गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह के मुताबिक, यह पूरा आयोजन 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान के पार्किंग एरिया में होगा.

NCR के कई जिलों से जुटेंगे लोग

सेवा ज्योति यात्रा के इस विशेष पड़ाव में केवल गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों की भागीदारी देखने को मिलेगी. फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर जैसे पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. मुख्य कार्यक्रम संपन्न होने के बाद इस अभियान के तहत गुरुग्राम जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक विशाल मशाल मार्च भी निकाला जाएगा.

ट्रैफिक और सुरक्षा पर विशेष नजर

तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीसी उत्तम सिंह ने मिनी सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. गृह मंत्री के आगमन और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

प्रशासन का मुख्य फोकस शहर में सुचारू यातायात बनाए रखने पर है. इसके साथ ही, मशाल मार्च के तय रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं व आगंतुकों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें: भोपाल में अमित शाह ने किया गोपालक सम्मेलन को संबोधित, बोले- सहकारिता से बढ़ेगी पशुपालकों की कमाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read