Bharat Express DD Free Dish

गाड़ी के पीछे लिखा ‘भारत सरकार’ और उसके अंदर से मिला ड्राइवर का शव

रतलाम रेलवे स्टेशन के पास अनुबंधित बोलोरो गाड़ी में 37 वर्षीय ड्राइवर हिम्मत सिंह का शव अर्द्धनग्न हालत में मिला. मृतक 3 दिन से लापता था. GRP पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

MP Ratlam Railway Station Driver Dead Body Found In Railway Contract Vehicle

MP Ratlam News: अजय/रतलाम (एमपी): मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी से ड्राइवर का शव बरामद हुआ. मालवा अधिकारी रेस्ट हाउस के ठीक सामने खड़ी इस गाड़ी की पिछली सीट पर शव अर्द्धनग्न हालत में पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही GRP पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

भारत सरकार’ लिखी आपातकालीन गाड़ी में मिली लाश

पुलिस के अनुसार, मृतक की शिनाख्त 37 वर्षीय हिम्मत सिंह के रूप में हुई है, जो रतलाम की ओल्ड रेलवे कॉलोनी का ही निवासी था. परिजनों ने बताया कि हिम्मत सिंह रेलवे के अनुबंधित वाहन पर बतौर चालक काम करता था और पिछले तीन दिनों से घर नहीं लौटा था. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे जीआरपी को वाहन के भीतर शव पड़े होने की सूचना मिली.

बता दें कि, जिस बोलेरो (MP 43 ZB 9255) में शव मिला, उस पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ है. जानकारी के अनुसार यह गाड़ी एक प्राइवेट ठेकेदार की है, जिसे रेलवे कंट्रोल ऑफिस के आपातकालीन शासकीय कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता था.

बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे राहगीरों ने गाड़ी के भीतर शव देखकर तुरंत जीआरपी को सूचना दी. जिसके बाद जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.

मौत की वजह अस्पष्ट

फिलहाल हिम्मत सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह साफ नहीं हो सका है. शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान हैं या यह मामला किसी रंजिश, बीमारी या हादसे से जुड़ा है, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

यह भी पढ़ें: पसमांदा समुदाय की शिक्षा, गरिमा और समान अवसरों के लिए सामूहिक संकल्प का मंच बना “पसमांदा संवाद”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read