Bharat Express DD Free Dish

दिवाली से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, मुंबई और पुणे से गोरखपुर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने मुंबई और पुणे से गोरखपुर के लिए डेली स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. जानिए इन ट्रेनों की टाइमिंग.

Mumbai Pune To Gorakhpur Special Trains For Diwali Chhath Puja Timings Route

AI IMAGE

दिवाली और छठ पूजा का महापर्व बेहद करीब है, और इसके साथ ही परदेस में रहने वाले लोगों के मन में घर लौटने की छटपटाहट भी शुरू हो चुकी है. महाराष्ट्र में रहकर रोजी-रोटी कमाने वाले पूर्वांचल और बिहार के लोगों के लिए हर साल त्योहार पर घर जाने के लिए कंफर्म टिकट पाना किसी जंग जीतने से कम नहीं होता. लेकिन इस बार भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र से अपने गांव-घर लौटने वाले यात्रियों के लिए बड़ा राहत प्लान तैयार किया है.

रेलवे प्रशासन ने मुंबई और पुणे से गोरखपुर के लिए रोजाना चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का बड़ा फैसला लिया है.

मुंबई से गोरखपुर रोजाना स्पेशल ट्रेन

मुंबई में रहने वाले यात्रियों के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से गोरखपुर के बीच ट्रेन नंबर 01079 ‘फेस्टिवल स्पेशल’ चलाई जाएगी. यह ट्रेन 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हर दिन रात 10:30 बजे मुंबई से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

वापसी के लिए ट्रेन नंबर 01080 गोरखपुर से 18 अक्टूबर से 18 नवंबर तक रोज दोपहर 2:30 बजे मुंबई के लिए खुलेगी. यह ट्रेन रास्ते में दादर, कल्याण, नासिक, भुसावल, भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोंडा और बस्ती जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इस ट्रेन में सेकेंड-थर्ड एसी और स्लीपर क्लास समेत कुल 22 कोच लगाए जाएंगे.

पुणे और हडपसर के यात्रियों को भी मिला तोहफा

पुणे और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की सहूलियत के लिए हडपसर-पुणे से गोरखपुर के बीच ट्रेन नंबर 01415 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक रोजाना सुबह 7:05 बजे हडपसर से छूटेगी.

वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 01416 गोरखपुर-हडपसर स्पेशल 17 अक्टूबर से 17 नवंबर तक रोजाना शाम 5:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी. यह गाड़ी कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, इटारसी, भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ और गोंडा होकर जाएगी. इस ट्रेन में स्लीपर, जनरल और एसी श्रेणी के 18 कोच होंगे.

आसानी से मिलेगा कंफर्म टिकट

त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में नो-रूम और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए इन विशेष गाड़ियों की घोषणा से पूर्वांचल के लाखों रेल यात्रियों का सफर काफी आसान और आरामदायक हो जाएगा.

यह भी पढ़ें: UP फतह के लिए BJP-RSS का मास्टरस्ट्रोक, 80 हजार बैठकों के पीछे क्या है प्लान?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read