Bharat Express DD Free Dish

हरिकेन इसायस की अमेरिका में एंट्री: तेज हवाओं और भारी बारिश से जनजीवन ठप

अमेरिका के फ्लोरिडा और अलबामा में हरिकेन ‘इसायस’ ने भारी तबाही मचाई है, जिससे 7 लाख से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई और सड़कें जलमग्न हो गई हैं. मौसम विभाग ने भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी दी है

Hurricane Isaias Hits Florida And Alabama Power Outages Flooded Roads

अमेरिका के दक्षिणी राज्यों में प्रकृति का भयंकर रूप देखने को मिला है. फ्लोरिडा पैनहैंडल और अलबामा में ‘इसायस’ तूफान ने भीषण तबाही मचाई है. अटलांटिक हरिकेन सीजन के इस पहले खतरनाक तूफान के तट से टकराते ही जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बिजली आपूर्ति पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘पावरआउटेज डॉट कॉम’ के अनुसार, तूफान के कहर से फ्लोरिडा और अलबामा में 7,26,000 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों और दफ्तरों की बिजली गुल हो गई है. कई इलाकों में पेड़ उखड़ने और बिजली के तार टूटने से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं.

खतरे को देखते हुए रोकी गईं आपातकालीन सेवाएं

इसायस शुक्रवार रात को श्रेणी-2 के हरिकेन के रूप में फ्लोरिडा के डेस्टिन के पास तट से टकराया था. इसके बाद यह उत्तर की ओर बढ़ा, हालांकि अलबामा पहुंचने तक इसकी रफ्तार में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन इसका असर अभी भी खतरनाक बना हुआ है. सुरक्षा और एहतियात के तौर पर फ्लोरिडा पैनहैंडल के कई इलाकों में आपातकालीन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा.

पेंसाकोला में पुलिस प्रशासन ने सड़कों पर फैले मलबे और पानी को देखते हुए लोगों से पूरी तरह घरों के अंदर रहने की अपील की है. वहीं, डेस्टिन-फोर्ट वॉल्टन बीच एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रोक दी गईं. अलबामा के मोबाइल शहर और ह्यूस्टन काउंटी में भी बाढ़ जैसे हालात के कारण कई मुख्य सड़कों को बंद करना पड़ा है.

खतरे के बढ़ने की आशंका

मौसम विभाग का कहना है कि तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद खतरा टला नहीं है. सप्ताहांत के दौरान दक्षिणी अलबामा, फ्लोरिडा और जॉर्जिया के कुछ हिस्सों में 10 से 20 सेंटीमीटर या इससे अधिक भारी बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है. इसके अलावा, अधिकारियों ने कुछ क्षेत्रों में बवंडर आने की भी आशंका जताई है.

प्रशासन नुकसान का आकलन करने और बहाली के काम में जुटा है, लेकिन हालात सामान्य होने में अभी वक्त लग सकता है.

यह भी पढ़ें: भारतीय मूल की नवी पिल्ले ने मारी बाजी, रह गए ट्रंप! नोबेल के लिए फड़फड़ा रहे US प्रेसीडेंट ने कैसे रोया दुखड़ा?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read